धार जिले में तेंदुए की तलाश, पकड़ने के लिए वन विभाग ने लगाया पिंजरा

नालछा
नगर के सोमवारिया सीताफल के बगीचे में शनिवार शाम को तेंदुआ दिखाई देने की पुष्टि वन विभाग ने की है। जिस सोमवारिया बगीचे में तेंदुए के पदचिन्ह मिले हैं, वह नालछा के रहवासी क्षेत्र में आता है। ऐसे में लोगों में दहशत का माहौल है। तेंदुए की खोज में वनकर्मियों की टीम लगातार सर्चिंग कर रही है। तेंदुआ पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम ने पिंजरा लगाया है।

शनिवार को ग्रामीण रतन रामदयाल गुर्जर अपने खेत से घर लौट रहे थे, तभी सोमवारिया बगीचे में उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया। जैसे ही उन्होंने तेंदुए को देखा वे तत्काल वहां से अपने घर की ओर चल दिए। उन्होंने अपने परिजन को जानकारी दी। सूचना के बाद वन विभाग नालछा की टीम मौके पर पहुंची।

पदचिन्ह देखने के बाद वन विभाग टीम ने तेंदुए की पुष्टि की। मौके पर डिप्टी रेंजर मोहनलाल सोलंकी व वनरक्षक संतोष उपाध्याय के साथ कई वनकर्मी पहुंचे और पूरे बगीचे के साथ जंगल क्षेत्र में तेंदुए की सर्चिंग की। जहां मिट्टी गीली थी, वहां वहां तेंदुए के पदचिन्ह पाए गए।

वन परिक्षेत्र मांडू के रेंजर आफताब खान ने बताया कि नालछा में तेंदुए के आने की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर टीम भेज दी थी। मैं खुद भी मौके पर गया था। तेंदुए के पदचिन्ह मिलने के बाद हम लोगों को जागरुक कर रहे हैं। समझाइश दी जा रही है कि वे अपने घरों व खेतों के आसपास अलाव जलाते रहें। साथ ही पटाखे भी फोड़ें। जिससे तेंदुआ जंगल की ओर अपना रुख कर लेगा। यह वन्य प्राणी है। यहां-वहां भटकते रहते हैं। एक जगह नहीं रहते हैं। हमारी टीम सतत मॉनीटरिंग कर रही है।

नालछा व मांडू के जंगल में तेंदुए अक्सर दिखाई देते हैं, पर यह पहला मौका है कि नालछा के रहवासी क्षेत्र में तेंदुआ घुस आया। सोमवारिया बगीचा नालछा के रहवासी क्षेत्र में आता है और इस बगीचे में सीताफल के पेड़ लगे हुए हैं। साथ ही बगीचे के चारों तरफ लोगों के खेत भी बने हुए हैं। वर्तमान में सोयाबीन की कटाई का दौर होने के कारण रात में भी लोग खेतों पर जा रहे हैं, लेकि न अब तेंदुए की खबर मिलने के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। रात में लोग खेतों पर जाने में डर रहे हैं।

वन परिक्षेत्र के रेंजर खान ने बताया कि निश्चित रुप से शिकार की तलाश में तेंदुआ रहवासी क्षेत्र में आया है। हालांकि कोई चिंता की बात नहीं है। यह वन्य प्राणी एक जगह नहीं रहता है। मांडू के रहवासी क्षेत्र में प्रतिदिन शिकार की तलाश में तेंदुआ दिखाई देता है। सुरक्षा के लिए वहां सर्चिंग करवा रहे हैं। पिंजरा लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *