धारचूला सीमा पर नेपाल ने तेज की सैन्य गतिविधियां

 धारचूला (पिथौरागढ़) 
लद्दाख में भारत-चीनी सेनाओं के बीच हुए खूनी संघर्ष के बीच नेपाल ने भी इंडो-नेपाल बॉर्डर पर सैन्य गतिविधियां तेज कर दी हैं। बुधवार को नेपाल के सेनाध्यक्ष और सशस्त्र प्रहरी के आईजी ने कालापानी में स्थापित छांगरू बार्डर आउटपोस्ट का निरीक्षण कर सैन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बुधवार सुबह करीब 10 बजे नेपाल सेनाध्यक्ष पूरण चंद्र थापा और नेपाल सशस्त्र प्रहरी (एपीएफ) के आईजी शैलेन्द्र खनाल हेलीकॉप्टर से दार्चुला पहुंचे। सेना के हेलीकॉप्टर ने कुछ देर बाद उच्च हिमालयी क्षेत्र के लिए उड़ान भरी। नेपाल से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों ने नेपाल के छांगरू स्थित नेपाल सशस्त्र प्रहरी की पोस्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत की सीमा से लगे 125 किलोमीटर व चीन से लगी 20 किलोमीटर की सीमा की नेपाल सेना मुस्तैदी से निगरानी कर रही है।

नेपाल के दोनों अधिकारी करीब दोपहर 3:05 बजे हेलीकॉप्टर से वापस लौट गए। भारत कैलाश मानसरोवर यात्रा रूट पर लिपुलेख तक सड़क बनाने के बाद से बौखलाए नेपाल ने भारतीय क्षेत्र लिपुलेख, कालापानी और लिंपियाधुरा को अपने नक्शे में शामिल तो किया ही है साथ ही सीमा पर सैन्य गतिविधियां तेजी से बढ़ा दी हैं।

छह अन्य स्थानों पर भी नेपाल बनाएगा बॉर्डर आउटपोस्ट
नेपाल सीमा पर बार्डर आउटपोस्ट भी स्थापित कर रहा है। नेपाल ने भारतीय सीमा के निकट स्थित छांगरू में भी बार्डर आउट पोस्ट हाल ही में स्थापित की है। दुमलिंग, दार्चुला, लेकम, लाली, मल्लिकार्जुन, जौलजीबी में भी नेपाल बॉर्डर आउटपोस्ट बनाने की तैयारी कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *