धान खरीदी में गड़बड़ी पाये जाने पर केन्द्र प्रभारियों एवं नोडल अधिकारियों पर होगी कार्रवाई-कलेक्टर

जगदलपुर
कलेक्टर डाॅ. अय्याज तम्बोली ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य के अन्तर्गत किसी भी धान खरीदी केन्द्र में गड़बड़ी पाये जाने पर संबंधित केन्द्र प्रभारियों के अलावा नोडल अधिकारियों की भी जिम्मेदारी तय करते हुए उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की उपार्जन नीति की फायदा वास्तविक एवं पात्र किसानों को ही मिले इसके लिए धान की अवैध खरीदी पर पूर्णतः रोक लगाना अत्यंत आवश्यक है। कलेक्टर डाॅ. तम्बोली 1 दिसम्बर से शुरू हो रहे समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य के संबंध में मंगलवार 19 नवम्बर को जिला कार्यालय जगदलपुर के प्रेरणा कक्ष में राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारियांे की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को जिले में धान की अवैध खरीदी पर रोक लगाने हेतु पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में डाॅ. तम्बोली ने धान खरीदी कार्य के तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला विपणन अधिकारी शंभू कुमार गुप्ता, जिला खाद्य़ अधिकारी के. एस. नाग, जिले के सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।

कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी कार्य के अन्तर्गत जिले व राज्य के बाहर से बिक्री हेतु लाये जा रहे धान को रोकने के अलावा उपार्जन नियमों को तोड़ने वालों के विरूद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कार्य के अन्तर्गत गड़बड़ियों को पकड़ने हेतु पुख्ता उपाय किए गए हैं।  कलेक्टर ने कहा कि सभी नोडल अधिकारियों के पास गिरदावरी की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से होनी चाहिए। डाॅ. तम्बोली ने धान की अन्तर्राज्यीय परिवहन के रोकथाम के उपायों की समीक्षा करते हुए इसके लिए सभी उपाय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संवेदनशील एवं चिन्हित धान खरीदी केन्द्रों पर कड़ी नजर रखते हुए विशेष सर्तकता बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने जिले के सभी खाद्य निरीक्षकों को मुख्यालय में निवास करने के लिए निर्देशित भी किया।

कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों के तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी धान खरीदी केन्द्रों तक पहुंच मार्ग की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, फेंसिंग एवं बाऊण्ड्री वाॅल की व्यवस्था के अलावा बारदानों के सुरक्षा के उपाय भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सभी धान खरीदी केन्द्रों में किसानों के लिए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा। डाॅ. तम्बोली ने राजस्व एवं खाद्य अधिकारियों को पूरे समय फील्ड विजिट करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने खाद्य निरीक्षकों को सभी दुकानों का अनिवार्य रूप से जांच करने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य के अन्तर्गत शासन के निर्देशों का शत प्रतिशत पालन होना चाहिए। इस दौरान डाॅ. तम्बोली ने जिले के मिलर्स की बैठक लेकर धान खरीदी के कार्य के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में उपस्थित मिलर्स से सुझाव भी लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *