देश का सबसे बड़ा प्रशासनिक अधिकारियों का नेटवर्क है UP: योगी

 
लखनऊ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की एक मजबूत कड़ी की आवश्यकता होती है। इस दृष्टि से प्रदेश में देश का सबसे बड़ा प्रशासनिक अधिकारियों का नेटवर्क है। इसलिए यह राज्य प्रशासनिक क्षमता की अपार संभावनाओं वाला प्रदेश है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रशासनिक अधिकारियों ने अपनी बेहतरीन क्षमता और कार्यकुशलता के माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा को देश में स्थापित किया है। शासन की नीतियों की जानकारी जनता तक पहुंचाना तथा इसका लाभ सुनिश्चित कराना वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसका क्रियान्वयन प्रभावी ढंग से किया जाए। उन्होंने अपेक्षा की कि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी कनिष्ठ अधिकारियों को अपने अनुभवों से लाभांवित करेंगे और उनका मार्गदर्शन भी करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा की गरिमा को बनाए रखने का दायित्व इस सेवा के अधिकारियों का ही है। शासन और जनता उनसे बहुत उम्मीद करते हैं। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों पर प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जाने की जिम्मेदारी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन भली-भांति करेंगे।

उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के समन्वय से ही जापानी इन्सेफेलाइटिस तथा एक्यूट इन्सेफेलाइटिस सिन्ड्रोम पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सका है। महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान समय-समय पर चलाया जाए, जिससे उन्हें सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी प्राप्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *