दूरदर्शन पर रामायण-महाभारत, शक्तिमान फिर हिट, कांग्रेस नेता पृथ्वीराज की मांग- डिस्कवरी ऑफ इंडिया और संविधान भी दिखाओ

मुंबई

कोरोना लॉकडाउन में दूरदर्शन पुराने दिनों की याद ताजा करने में जुटा है। लोकप्रिय धारावाहिक रामायण, महाभारत और शक्तिमान को पुरानी पीढ़ी के दर्शक दोबारा देख रहे हैं तो नई पीढ़ी के लिए यह नया अनुभव है। पुराने हिट कार्यक्रमों की बढ़ती मांग के बीच कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की किताब पर आधारित 'डिस्कवरी ऑफ इंडिया' को भी दिखाने की मांग की है।   कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने शुक्रवार को केंद्र सरकार से अपील की कि लॉकडाउन के दौरान दूरदर्शन पर श्याम बेनेगल निर्देशित 'डिस्कवरी ऑफ इंडिया' और 'संविधान- मेकिंग ऑफ इंडियन कॉन्स्टिट्यूशन' दिखाने की अपील की। गौरतलब है कि भारत छोड़ो आंदोलन (142-1946) के दौरान अहमदनगर किले में कैद रहते हुए नेहरू ने 'डिस्कवरी ऑफ इंडिया' किताब लिखी थी। इसमें उन्होंने भारतीय इतिहास, संस्कृति और दर्शन पर लिखा है। यह भारतीय इतिहास पर सबसे अच्छी किताबों में गिना जाता है। 1988 में इस किताब को टेलीविजन पर धारावाहिक के रूप में प्रस्तुत किया गया था।  

 

सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को लिखे खत में उन्होंने दूरदर्शन पर रामायण, महाभारत और शक्तिमान को दिखाने के फैसले का स्वागत किया। साथ ही उन्होंने लिखा, ''डिस्कवरी ऑफ इंडिया' और 'संविधान' लोगों में इतिहास और हमारे संविधान के बारे में उत्सुकता जगाने में मदद करेगा।' पृथ्वीराज ने मंत्रालय से ख्यातिप्राप्त अंतरराष्ट्रीय साइंस डॉक्युमेंट्रीज जैसे कॉसमोस को भी दिखाने की मांग की। उन्होंने कहा, 'इसके अलावा कई अच्छी क्वॉलिटी के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक डॉक्युमेंट्रीज शॉर्ट फिल्म और टीवी सीरियल्स हैं। इन्हें कुछ फी देकर हम हासिल कर सकते हैं।'

 

देश में कोरोना वायरस को लेकर हाल ही में 21 दिनों के लिए लॉकडाउन का ऐलान किया गया है। ऐसे में लोगों को घर से बाहन न निकलने के लिए मना किया गया है। इस बीच सरकार ने दूरदर्शन पर प्रचलित सीरियल रामायण को दोबारा प्रसारित करने की घोषणा की ताकि लोगों को घर पर बोरियत महसूस न हो। अब रामायण ने टीआरपी के मामले में सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए है। रामायण की टीआरपी के टक्कर में अभी कोई भी शो नहीं है। यहां तक कि साल 2015 से लेकर अब तक जनरल एंटरटेनमेंट कैटगरी के मामले में यह बेस्ट सीरियल बना गया है। इस बात की जानकारी प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर ने ट्विटर के माध्यम से दी है। उन्होंने बताया, 'मुझे यह बताते हुए काफी मजा आ रहा है कि दूरदर्शन पर प्रसारित हो रहा शो 'रामायण' 2015 से अब तक का सबसे अधिक टीआरपी जनरेट करने वाला हिंदी जनरल एंटरटेनमेंट शो बन गया है।' उन्होंने यह बात बार्क के हवाले से बताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *