दंतेवाड़ा और चित्रकोट उपचुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस

रायपुर
 दंतेवाड़ा और चित्रकोट विधानसभा सीट के उपचुनाव की तैयारी में कांग्रेस अभी से जुट गई है। पदभार ग्रहण करते ही पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम बस्तर संभाग के दौरे पर निकल गए। छह जुलाई तक उनका बस्तर संभाग का दौरा है।
 पीएचई मंत्री गुरु स्र्द्र कुमार भी चार और पांच जुलाई को बस्तर संभाग के दौरे पर रहेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, अन्य मंत्रियों और पार्टी के आला-नेताओं का भी बस्तर संभाग का दौरा लगा रहेगा। नवनियुक्त पीसीसी अध्यक्ष मरकाम का कहना है कि उपचुनाव चुनौती है। सामने भाजपा रहेगी। कांग्रेस दोनों सीटों पर उपचुनाव को युद्ध की तरह लड़ेगी। मतलब, पीसीसी अध्यक्ष ने बस्तर संभाग का दौरा शुरू करके चुनावी युद्ध का बिगुल फूंक दिया है।

दंतेवाड़ा के भाजपा विधायक भीमा मंडावी की लोकसभा चुनाव के दौरान नक्सलियों ने आइईडी ब्लास्ट करके हत्या कर दी थी। इसके बाद से दंतेवाड़ा विधायक की सीट खाली है। चित्रकोट के विधायक कांग्रेस के दीपक बैज थे। पार्टी ने बैज को लोकसभा चुनाव लड़ाया और वे बस्तर लोकसभा सीट के सांसद चुन लिए गए। सांसद बनने के बाद बैज ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है।

सितंबर के मध्य में दोनों विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने की संभावना जताई जा रही है। मरकाम ने दो जून से बस्तर संभाग के कांकेर से अपना दौरा शुरू किया है। तीन जून को केशकाल, लंजोडा, कोंडागांव, दहिकोंगा, भानपुरी होकर जगदलपुर पहुंचे। अब चार जून से वे दंतेवाड़ा के दौरे पर रहेंगे। पंडरीपानी, डिमरापाल, केशलुर, तोकापाल, बास्तानार, किलेपार, गीदम का दौरा होगा।

पांच जून को लोहंडीगुड़ा, जगदलपुर, कोंडागांव जाएंगे। छह जून की शाम को कोंडागांव से रायपुर के लिए रवाना होंगे। मरकाम हर स्थानों पर कांग्रेस के जिला, बूथ और सेक्टर प्रभारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। मरकाम उपचुनाव को लेकर पूरे बस्तर संभाग में माहौल बनाने में लगे हैं। उनकी कोशिश है कि दंतेवाड़ा और चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में बस्तर संभाग की बाकी 10 विधानसभा सीटों के विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *