ठहरे हुए भारत को मोदी सरकार ने दी गति : सिंह

श्योपुर 
पांच साल पहले भारत ठहरा हुआ था। 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने सत्ता संभाली तो आशा की किरण दिखाई दी। उन्होंने ठहरे हुए देश को गति दी और अब उनके पौने पांच साल के कार्यकाल में देश का मान- सम्मान शिखर छू रहा है। हमारी सेना अब दुनिया की तीसरी ऐसी सेना बन गई है, जो अपने सैनिकों की शहादत का बदला दुश्मन के घर में घुसकर लेती है। 

यह बात मंगलवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने श्योपुर जिले के विजयपुर में विजय संकल्प यात्रा के दौरान विशाल सभा को संबोधित करते हुए कही। सभा को केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर एवं नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने भी संबोधित किया। प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने नारा दिया था कि गरीबी हटाओ, मगर गरीबी नहीं हटी,  गरीब जरूर हट गए। देश में मोदी सरकार सबका साथ,  सबका विकास को लेकर काम कर रही है। मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई आयुष्मान योजना गरीबों के इलाज के लिए वरदान सिद्ध हुई है। इस सरकार के पौने पांच सालों के कार्यकाल में ढाई करोड़ लोगों को मकान मिले हैं। कांग्रेस ने आजादी के बाद गरीबों को कुल 13 करोड़ गैस कनेक्शन दिए, जबकि मोदी सरकार ने अपने पौने पांच सालों में 15 करोड़ गैस कनेक्शन देकर माताओं, बहनों के आंसू पोंछने का काम किया है। सिंह ने कहा कि अब देश का नेतृत्व प्रधानमंत्री मोदी के सशक्त हाथों में है और उनके नेतृत्व में देश बदल रहा है।

कमलनाथ सरकार ने दिया किसानों को धोखा : तोमर

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि कर्ज माफी के नाम पर सत्ता मंश आई कमलनाथ सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। किसानों के खाते में अब तक 4000 रूपए भी नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने गठबंधन में शामिल दलों और नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ जहां मां-बेटे जमानत पर घूम रहे हैं,  वहीं लालू यादव चारा घोटाले में फंसे हैं। इसी तरह चंद्रबाबू नायडू आयकर की जांच का सामना कर रहे हैं। ममता बनर्जी लोकतंत्र का गला घोट रही हैं। मोदी ने सत्ता संभालने के बाद जहां भ्रष्टाचार पर लगाम कसी,  वहीं किसान हितैषी योजनाओं की शुरुआत की। यूपीए सरकार पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि चाहे मुंबई हमला हो या कश्मीर में आतंकवाद, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पूरे समय देखो और इंतजार करो की नीति पर चलते रहे। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जी की सरकार आतंकियों को उन्हीं की भाषा में जवाब दे रही है।

कांग्रेस की वादा खिलाफी के खिलाफ वोट दें : भार्गव

नेता प्रतिपक्ष भार्गव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने आतंकी संगठन सिमी को समूल नष्ट करने काम किया था। डकैत खत्म किए, लेकिन कांग्रेस सरकार के आते ही डकैत फिर सक्रिय हो गए हैं। अपराध बढ़ रहे हैं। कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही,  लेकिन शिक्षित युवाओं को पशु चराने की ट्रेनिंग दी जा रही है। 10 दिनों में कर्जमाफी की बात कही, लेकिन अभी तक प्रदेश में एक भी किसान ऐसा नहीं है, जिसका 2 लाख रुपए का कर्ज माफ हुआ हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आव्हान करते हुए कहा कि हमें प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ हमें मतदान करना है। हमें कांग्रेस की वादा खिलाफी के खिलाफ मतदान करना है। इस अवसर पर सांसद अनूप मिश्रा, वेदप्रकाश शर्मा, जयसिंह कुशवाह आदि उपस्थित थे।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *