झारखंड सरकार ने 31 जुलाई तक बढ़ाया लॉकडाउन

रांची
कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम को लेकर झारखंड सरकार ने एक बड़ा फैसला किया है। सरकार ने लॉकडाउन की अवधि को 31 जुलाई तक बढ़ा दिया है। इसकी जानकारी खुद प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी है।

सोरोने ने ट्वीट में लिखा है कि कोरोना से संघर्ष में हमें आप सबके सहयोग से अब तक हमें अपेक्षित सफलता मिली है, पर संघर्ष अभी जारी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने लॉकडाउन 31 जुलाई तक बढ़ाने का फ़ैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 22 मार्च को लाॅकडाउन लागू करने के बाद समय-समय पर लॉकडाउन में दी गई रियायतें आगे भी जारी रहेंगी।

इन पर रहेगा प्रतिबंध
31 जुलाई तक झारखंड में लाॅकडाउन बढ़ाने को लेकर गृह एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से अधिसूचना भी जारी कर दी है। इसके तहत फिलहाल धार्मिक स्थल नहीं खुलेंगे, सामाजिक, राजनीतिक, खेल, मनोरंजन,शैक्षणिक, सांस्कृतिक, धार्मिक समारोह या मेला अथवा बड़े कार्यक्रमों का आयोजन नहीं होगा। स्कूल, काॅलेज एवं अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। सिनेमा हाॅल, जिम, स्वीमिंग पुल, पार्क, थियेटर एसेंबली हाॅल व अन्य स्थान बंद रहेंगे। शाॅपिंग माॅल, होटल, लाॅज, धर्मशाला व रेस्टोरंट बंद रहेंगे। सैलून व स्पा भी बंद रहेंगे।

आवश्यक गतिविधियों के लिए छूट
रात 9 बजे से सुबह पांच बजे तक आवश्यक गतिविधियों को छोड़कर अन्य मूवमेंट बंद रहेगा। सार्वजनिक स्थलों पर मास्क पहनना अनिवार्य होगा, सामाजिक दूरी बनाये रखना जरूरी होगा। शादी व अन्य सामाजिक समारोह में 50 से अधिक लोग नहीं जुटेंगे।

बता दें कि अनलॉक-1 में हेमंत सरकार ने कंटेनमेंट जोन को छोड़कर बाकी जगहों के लिए कई सेक्टरों में छूट दी है। इससे पहले गुरुवार को भी सरकार ने विभागों के सचिवों के साथ बैठक के बाद एक आदेश जारी किया था, इस आदेश में ई-कॉमर्स पर लगी रोक हटा ली गयी थी। इसके पूर्व ऑनलाइन शॉपिंग के तहत सिर्फ जरूरी सामान की खरीद किये जाने की अनुमति थी। वहीं, आदेश में लोगों को मॉर्निंग वॉक और खुले में व्यायाम की भी छूट दी गयी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *