झारखंड चुनाव के ‘हीरो’ सोरेन, बोले- आज से राज्य में नया अध्याय

रांची
झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के नेतृत्व वाला गठबंधन जीत की तरफ बढ़ता दिख रहा है। इस बीच जेएमएम नेता और राज्य के संभावित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेने ने कहा कि वह हरेक वर्ग की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे। उन्होंने चुनाव परिणाम को अपने पिता और दिशोम गुरु के नाम से प्रसिद्ध शिबू सोरेन के अथक परिश्रम का फल बताया।

हेमंत ने कहा, 'उत्साह का दिन तो है ही, संकल्प लेने का भी दिन है। यहां के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने का दिन है। दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। जिस उद्देश्य के लिए यह राज्य बनाया गया था, उसे पूरा करने का वक्त आ गया है।' उन्होंने कहा कि आगे की नीति गठबंधन दलों के साथ बातचीत के बाद तय होगी। हेमंत ने उनकी पार्टी के साथ कांग्रेस और आरजेडी के महागठबंधन करने पर दोनों पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व का आभारत व्यक्ति किया।

झारखंड के नए संभावित सीएम ने राज्य की जनता को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार की सभी समुदायों पर नजर रहेगी। उन्होंने कहा, 'इस राज्य के लिए एक नया अध्याय शुरू होगा जो एक मील का पत्थर साबित होगा। जिस उम्मीद से लोगों ने हमें वोट दिया है, मैं उनकी उम्मीदें पूरा करने का भरोसा दिलाता हूं।'

इससे पहले, मतगणना के रुझानों में गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलते देखा तो हेमंत सोरेन ने अपनी खुशी साइकल पर सवार होकर जाहिर की। कांग्रेस- जेएमएम और आरजेडी गठबंधन झारखंड में 46 सीटों पर आगे है।

विडियो में देखा जा सकता है कि हेमंत साइकल चला रहे हैं और उनका पूरा परिवार वहीं मौजूद है। वहीं पास में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हेमंत के पिता सिबू सोरेन भी बैठे नजर आए। गौरतलब है कि हेमंत सोरेन ही चुनावों में गठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री पद का चेरा थे और यह बात आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी कही थी। वह पहले भी मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

हेमंत सोरेन को सोशल मीडिया पर बधाई मिलनी भी शुरू हो गई हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी उन्हें बधाई दी। उन्होंने लिखा, 'जीत के लिए बधाई। उम्मीद है आप झारखंड के लोगों की उम्मीदें पूरी करेंगे। सीएए और एनआरसी के विरोध के साथ हुए चुनाव यह दिखाते हैं कि फैसला जनता के फेवर में है।' हेमंत ने उन्हें धन्यवाद दिया।

कांग्रेस से शिवसेना में शामिल हुईं प्रियंका चतुर्वेदी ने भी सोरेन को बधाई दी। उन्होंने कहा, 'आपने साबित कर दिया कि क्षेत्रीय दलों को कोई नजरअंदाज नहीं कर सकता।' सोरेन ने जवाब में कहा कि झारखंड में लोकतंत्र और समाजवाद के लिए लड़ाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *