जॉर्ज फर्नांडिस की बायॉपिक करने वाले थे सुशांत सिंह राजपूत?

मुंबई
बॉलिवुड ऐक्टर सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या से अभी तक फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैन्स उबर नहीं सके हैं। अभी तक लोग ये अटकलबाजी लगा रहे हैं कि आखिर सुशांत ने आत्महत्या क्यों की। यह विषय लगातार मीडिया की चर्चा में बना हुआ है। अब शिवसेना के नेता संजय राउत ने पार्टी के मुखपत्र 'सामना' में इस पर एक लंबा लेख लिखा है। अपने लेख में संजय ने सुशांत की ऐक्टिंग की तारीफ करते हुए उन्हें एक टैलंटेड ऐक्टर बताया है।
 
जॉर्ज फर्नांडिस की बायॉपिक करते सुशांत?
अपने लंबे लेख में संजय राउत ने बताया है कि जब उन्होंने बाल ठाकरे की बायॉपिक 'ठाकरे' बनाई थी तभी से वह भारत के पूर्व रक्षा मंत्री रहे जॉर्ज फर्नांडिस की बायॉपिक बनाने की भी सोच रहे थे। उन्होंने बताया कि जॉर्ज की भूमिका पर्दे पर निभाए जाने के लिए 2-3 कलाकारों का चयन किया गया जिसमें से सुशांत सिंह राजपूत भी एक थे। संजय ने लिखा कि एमएस धोनी की बायॉपिक के समय से ही सुशांत उनकी नजरों में चढ़ गए थे और उन्हें बताया गया था कि वह (सुशांत) एक बेहतरीन कलाकार हैं।  

अब बनेगी जॉर्ज की बायॉपिक?
हालांकि संजय राउत ने अपने लेख में खुलकर तो यह नहीं बताया है कि जॉर्ज फर्नांडिस की बायॉपिक बनेगी या नहीं, लेकिन उन्होंने इतना जरूर लिखा कि सुशांत के निधन के बाद 'पर्दे का जॉर्ज पर्दे के पीछ चला गया।' इससे तो यही अंदाजा लगाया जा सकता है कि अभी यह फिल्म ठंडे बस्ते में चली गई है। संजय राउत ने अपने लेख में मुंबई पुलिस पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा है कि जांच में सुशांत की आत्महत्या से जुड़े कारण निश्चित तौर पर सामने आएंगे।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *