छेड़खानी का विरोध करने पर युवती की पीटकर हत्या

भगवानपु 
                                                                                                                                                                                                                                   
सराय थाना क्षेत्र के अखित्यारपुर पटेढा गांव में सोमवार की सुबह छेड़खानी का विरोध करने पर एक युवती की लाठी-डंडे पीटकर हत्या कर दी गई।  हत्या की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और एसडीपीओ सदर राधव दयाल दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और मामले की छानबीन शुरू की। आक्रोशित लोग हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद तीन घंटे बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। मृतक करीब 16 वर्षीय दीपा कुमारी उर्फ मुस्कान राजीव कुमार मिश्रा उर्फ पुतुल मिश्रा की पुत्री थी। 

घटना के संबंध में मृतका की मां विभा देवी ने पुलिस को दिए फर्द बयान में कहा है कि मेरी पुत्री सोमवार की सुबह करीब छह बजे ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। इसी बीच रास्ते में गांव के ही सुभाष मिश्रा के पुत्र सुधांशु मिश्रा ने मेरी पुत्री के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। किसी प्रकार जान बचाकर वह पढ़ने चली गई। वापस लौटी तो सुधांशु मिश्रा एवं सुभाष मिश्रा ने दरवाजे पर चढ़कर मेरी पुत्री को धमकी दी और मारपीट करने लगे। इसी बीच सुभाष मिश्रा ने मेरे साथ भी मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान ही गांव के ही हरिद्वार मिश्रा, मुकेश मिश्रा, ओम प्रकाश मिश्रा उर्फ पिंटू मिश्रा, प्रभाष मिश्रा आदि भी मेरे दरवाजे पर आए गए और मेरी पुत्री के सिर पर पिंटू मिश्रा ने धारदार हथियार से प्रहार कर मेरी पुत्री को लहूलुहान कर दिया। इस दौरान उक्त लोगों ने मेरी दूसरी पुत्री एवं पुत्र के साथ भी मारपीट की। सिर पर चोट लगने से मेरी पुत्री दीपा की मौत हो गई।

मृतका की मां ने फर्द बयान में सात महिलाओं समेत 13 लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त गुड़िया देवी एवं छोटी कुमारी को हिरासत में लिया है एवं अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है। इस संबंध एसडीपीओ सदर राधव दयाल ने बताया कि आपसी विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है, जिसमें एक पक्ष के लोगों ने मुस्कान कुमारी की मारपीट कर हत्या कर दी है। परिजनों की ओर से मृतका के साथ सुधांशु मिश्रा द्वारा छेड़खानी करने की भी बात कही गई है।

नाले के पानी को बहाने को लेकर हुआ विवाद
घटना के संबंध में बताया जाता है कि सोमवार की सुबह नाले के पानी को बहाने को लेकर मृतका के परिजन एवं बगलगीर मुकेश मिश्रा के बीच विवाद हुआ।  इसी बीच गांव के ही सुभास मिश्रा, सुधांशु मिश्रा, ओम प्रकाश मिश्रा उर्फ पिंटू मिश्रा आदि भी घटनास्थल पर पहुंच गए और मृतका के परिजनों के साथ मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान सुधांशु मिश्रा ने मृतका दीपा के सिर पर लाठी-डंडा से प्रहारकर लहूलुहान कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे ग्रामीण इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। 

घटनास्थल पर पुलिस कर रही कैंप 
घटना की सूचना पर  एसडीपीओ सदर राघवदयाल भी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण हत्यारों की गिरफ्तारी के बाद ही शव उठाने की मांग पर अड़े थे। ग्रामीणों को उग्र होते देख घटनास्थल पर कई थाने की पुलिस सहित जिले से भी अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब तीन घंटे बाद आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत करवाया। घटना को लेकर गांव में अभी भी तनाव व्याप्त है। घटनास्थल पर पुलिस कैंप कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *