छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल को उत्तर प्रदेश में हेलीकॉप्टर उतारने की नहीं मिली इजाजत

रायपुर
 उत्तर प्रदेश के चुनावी दौरे पर निकले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को शनिवार को फूलपुर लोकसभा में चुनाव प्रचार के लिए हेलीकॉप्टर उतारने की अनुमति नहीं मिली। इतना ही नहीं जब वह रैली को संबोधित पहुंचे तो उनका माइक बंद भी कर दिया गया।

इसे लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, हमें दबाने की कोशिश करें, कितनी धाराएं लगाएं, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। हम किसान के बच्चे हैं और खुद किसान हैं। उन लोगों से डरने वाले नहीं हैं। जब हम गोरों से नहीं डरे तो चोरों से भी नहीं डरेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा, प्रजातंत्र में सभी को बोलने का अधिकार है। सभी को सवाल पूछने का अधिकार है। लेकिन नरेन्द्र मोदी के राज में सवाल पूछना अपराध है। यदि सवाल पूछना अपराध है तो भूपेश बघेल भी अपराधी है। हम सवाल पूछेंगे नरेन्द्र मोदी से। हम सवाल पूछेंगे योगी आदित्यनाथ से।

मुख्यमंत्री भूपेश ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से सवाल दागते हुए पूछा, बताइए योगी जी आपने उत्तर प्रदेश के लिए क्या किया है। क्या किसानों का कर्जा माफ हुआ है। क्या किसानों को फसलों का दाम मिल रहा है। क्या यहां के बेरोजगारों को नौकरी मिली है। तो जनता आपको वोट क्यों दें। मुख्यमंत्री भूपेश ने पीएम नरेन्द्र मोदी पर भी जमकर निशाना साधा।

बतादें कि छत्तीसगढ़ में 11 लोकसभा सीटों पर मतदान समाप्त होने के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इन दिनों उत्तर प्रदेश के चुनावी दौरे पर हैं। मुख्यमंत्री भूपेश शनिवार को उत्तर प्रदेश के फूलपुर लोकसभा में जनसभा को संबोधित करना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *