चांद के पास 20 अगस्‍त को पहुंचेगा चंद्रयान-2, उतरेगा 7 सितंबर को: इसरो

अहमदाबाद
भारत का महत्‍वाकांक्षी चंद्रयान-2 चांद की कक्षा में 20 अगस्‍त को पहुंच जाएगा, इसके बाद 7 सितंबर को वह चांद की सतह पर उतरेगा। यह जानकारी सोमवार को भारत की स्‍पेस एजेंसी इंडियन स्‍पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (इसरो) के चेयरमैन डॉ. के सिवन ने दी।

मीडिया से बातचीत में उन्‍होंने बताया कि चंद्रयान अगले दो दिन में धरती की कक्षा छोड़ देगा। सिवन डॉ. विक्रम साराभाई की जन्‍मशती के मौके पर यहां एक कार्यक्रम में हिस्‍सा लेने आए थे। विक्रम साराभाई को भारतीय स्‍पेस कार्यक्रम का जनक माना जाता है।

अभी धरती के इर्दगिर्द घूम रहा है चंद्रयान-2
सिवन ने चंद्रयान की गतिविधियों के बारे में बताया, 'चंद्रयान-2 के 22 जुलाई के लॉन्‍च के बाद अब वह धरती के आसपास चक्‍कर काट रहा है। बुधवार सुबह हम एक खास मूवमेंट करने वाले हैं। 14 अगस्‍त को सुबह करीब 3.30 बजे हम ट्रांस-लूनर-इंजेक्‍शन नाम का मूवमेंट करेंगे। इससे चंद्रयान-2 धरती को छोड़कर चांद की ओर बढ़ने लगेगा। 20 अगस्‍त को हम चांद के नजदीक पहुंच जाएंगे।'

सिवन ने आगे बताया, 'अंतत: 7 सितंबर को चंद्रयान चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड कर जाएगा। वर्तमान में चंद्रयान-2 बहुत अच्‍छा प्रदर्शन कर रहा है उसके सभी सिस्‍टम ठीक से काम कर रहे हैं।

16 दिनों तक पृथ्वी की कक्षा में रहना था
चंद्रयान-2 को भारत के सबसे शक्तिशाली रॉकेट GSLV MK-3 से लॉन्च किया गया है। लॉन्चिंग के बाद चंद्रयान पृथ्वी की कक्षा में घूम रहा था। लगभग 16 दिनों तक पृथ्वी की परिक्रमा करने के बाद इसे चांद की ओर बढ़ना था। इस दौरान चंद्रयान की अधिकतम गति 10 किलोमीटर/प्रति सेकंड और न्यूनतम गति 3 किलोमीटर/प्रति सेकंड होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *