गृह मंत्री का बड़ा फैसला, विधानसभा अध्यक्ष की बढ़ाई जाएगी सुरक्षा व्यवस्था

भोपाल
मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति की सुरक्षा व्यवस्था अपग्रेड की जाएगी। यह फैसला गृह मंत्री बाला बच्चन की अध्यक्षता में सम्पन्न राज्य सुरक्षा समिति की बैठक में लिया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार बैठक में अन्य महत्वपूर्ण व्यक्तियों तथा पूर्व जन-प्रतिनिधियों की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में भी चर्चा की गयी। बैठक में प्रमुख सचिव गृह एस.एन. मिश्रा, एडीजी कैलाश मकवाना और आई.जी. योगेश चौधरी उपस्थित थे।

जानकारी में बताया गया कि गृह मंत्री बाला बच्चन और विधि-विधायी मंत्री पी.सी. शर्मा एक जून को मंत्रालय में सुबह 11 बजे बैठक लेंगे। बैठक में विगत वर्षों में किसान आन्दोलन में दर्ज प्रकरणों एवं राजनैतिक प्रतिद्वंदिता के दर्ज प्रकरणों के संबंध में चर्चा की जायेगी। प्रकरण वापसी की प्रक्रिया को सरल करने पर भी विचार किया जायेगा। बैठक की रिपोर्ट 15 दिनों में मुख्यमंत्री को सौंपी जायेगी। बैठक में प्रमुख सचिव गृह एस.एन. मिश्रा, प्रमुख सचिव विधि-विधायी सत्येन्द्र सिंह और संचालक लोक अभियोजन एडीजी राजेन्द्र कुमार शामिल होंगे। गृह मंत्री बच्चन की अध्यक्षता में सोमवार 3 जून को मंत्रालय में सुबह 11 बजे कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा बैठक होगी। बैठक में महिलाओं के विरूद्ध अपराधों और कानून-व्यवस्था में कसावट लाने के बारे में निर्णय लिये जायेंगे।बैठक में प्रमुख सचिव गृह एस.एन मिश्रा और डीजीपी विजय कुमार सिंह मौजूद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *