गिनी के सर्वोच्च सम्मान से नवाजे गए भारत के राष्ट्रपति कोविंद

 
नई दिल्ली 

पश्चिमी अफ्रीकी देश गिनी की यात्रा पर गए भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को गिनी की सरकार ने अपने देश के सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित किया है। भारत-गिनी के समग्र संबंधों की प्रगति तथा दोनों देशों में मित्रता और साझेदारी को बढ़ावा देने के योगदान के लिए कोविंद को 'नैशनल ऑर्डर ऑफ मेरिट' पुरस्कार से नवाजा गया है। राष्ट्रपति ने गिनी सरकार द्वारा दिए गए इस सम्मान को भारत और गिनी के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को समर्पित किया है। 
 
 गौरतलब है कि राष्ट्रपति पश्चिमी अफ्रीकी देश गिनी के दौरे पर हैं। इस दौरान दोनों देशों में कई द्विपक्षीय समझौतों पर बातचीत हुई। शुक्रवार को भारत ने गिनी को जल आपूर्ति परियोजना के विकास के लिए 17 करोड़ डॉलर की ऋण सुविधा की पेशकश की। वहीं दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने रक्षा संबंधों को बढ़ावा देने एवं आतंकवाद से मुकाबले के तरीकों पर चर्चा की। 
बता दें कि तीन देशों की यात्रा के आखिरी चरण में कोविंद गांबिया से शुक्रवार को गिनी पहुंचे थे। पश्चिम अफ्रीकी देश की यात्रा करने वाले वह पहले भारतीय राष्ट्राध्यक्ष हैं। उनकी यात्रा दोनों देशों के बीच मित्रता एवं द्विपक्षीय सहयोग में मजबूती लाना है। इस दौरान दोनों देशों के नेताओं ने दुनियाभर में बढ़ते चरमपंथ और आतंकवाद को लेकर चिंता जाहिर की और आतंकवाद से मुकाबले के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रयास बढ़ाने पर जोर दिया। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *