गाजीपुर बवाल पर केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल का बयान- दोषी बख्शे नहीं जाएंगे

 
वाराणसी

 रेल मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक पुलिसकर्मी की हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि इस घटना में जो शामिल हैं उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए गोयल ने कहा कि घटना में जो भी दोषी पाया जाएगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने गाजीपुर और बुलंदशहर की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कुछ तत्व हैं जो माहौल बिगाड़ने पर लगे हुए हैं। गोयल यहां बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल में निवेशकों से मंत्रणा करने पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में पहले जब सपा और बसपा सत्ता में थीं तब लोग पुलिस शिकायत लिखवाने से भी डरते थे। अब योगी सरकार में पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है।

उल्लेखनीय है कि हेड कांस्टेबल सुरेश प्रताप सिंह वत्स (48) शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक जनसभा कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। रास्ते में प्रदर्शनकारियों ने वाहनों पर पथराव कर दिया। जब वह प्रदर्शनकारियों द्वारा लगाए गए जाम को समाप्त कराने के लिए उतरे तो उनके सिर पर एक पत्थर लगा जिससे उनकी मौत हो गई। उनकी हत्या के सिलसिले में 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *