खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया में होगी पारदर्शिता : खेल मंत्री श्री पटवारी

भोपाल

खेल और युवा कल्याण मंत्री श्री जीतू पटवारी ने कहा है कि खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया में पूरी तरह पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए जा रहे हैं। खेल मंत्री श्री पटवारी आज जबलपुर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में खेल संघों के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों को संबोधित कर रहे थे। प्रदेश में खेलों के विकास के लिये महत्वपूर्ण सुझाव आमंत्रित करने की मंशा से खेल मंत्री की पहल पर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

संवाद कार्यक्रम में खेल मंत्री श्री पटवारी ने कहा कि समन्वित सहयोग से प्रदेश में खेलों का विकास किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ की भावना के अनुरूप मध्यप्रदेश को खेलों में देश का अग्रणी राज्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में आवश्यक मूलभूत खेल अधोसंरचनाएं सुनिश्चित की जा रही है। खेल मंत्री ने खेल संघों के पदाधिकारी और खिलाड़ियों द्वारा मार्शल आर्ट कराटे, जूडो और कुश्ती खेल के लिए इंडोर हॉल, सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक की मांगों तथा साइकिलिंग बेलोड्राम के विकास हेतु दिए गए सुझावों पर उन्हें आश्वस्त किया कि खेलों के विकास में कोई कमी बाकी नहीं रखी जाएगी।

कार्यक्रम में संचालक खेल और युवा कल्याण डॉ एस एल थाउसेन ने जबलपुर में खेल विभाग द्वारा निर्मित और निर्माणाधीन खेल अधोसंरचनाओं तथा तीरंदाजी अकादमी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *