केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के खिलाफ पुलिस अधिकारी को धमकाने का मामला दर्ज

 बक्सर 
केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे के खिलाफ बिहार के बक्सर में एक पुलिस उप निरीक्षक (SI) ने शिकायत दर्ज कराई है। बुधवार को यह जानकारी देते हुए एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चौबे ने एक स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता को नोटिस भेजने पर सार्वजनिक तौर पर एसआई को धमकाया था।

बक्सर के पुलिस उपाधीक्षक केके सिंह के अनुसार, यहां नया भोजपुर चौकी के प्रभारी राजीव रंजन ने डुमरांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। चौबे सोमवार को जनता दरबार लगा रहे थे, तभी एक स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता लक्ष्मण दुबे ने शिकायत की कि एसआई ने उसे 'गुंडा' नोटिस भेजा है। एसआई रंजन उस समय वहां मौजूद थे। गुंडा नोटिस सीआरपीसी की धारा 109 के तहत उन लोगों को भेजा जाता है जिनके नाम गुंडा रजिस्टर में दर्ज होते हैं।

जब मामला केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री चौबे के संज्ञान में आया तो उन्होंने कहा कि क्या वह आपको गुंडा लगते हैं? क्या आपने कभी गुंडा देखा है? आप अपने तरीके सुधार लें नहीं तो मैं आपकी वर्दी उतार दूंगा। समाचार चैनलों में प्रसारित तस्वीरों में चौबे को रंजन पर गुस्सा जाहिर करते हुए देखा जा सकता है। रंजन अपनी बात रखने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने कहा कि केंद्रीय मंत्री के खिलाफ अभी तक एसआई को धमकाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *