कानून के शिकंजे में फंस सकते हैं डॉ. रमन सिंह के दामाद डॉ. पुनीत गुप्ता, दर्ज हुई एक और FIR
रायपुर
पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के दामाद और दाऊ कल्याण सिंह (डीकेएस) पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर के पूर्व अधीक्षक डा. पुनीत गुप्ता पर करोड़ों रुपए के फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगा है। उनके खिलाफ गोलाबाजार थाने में धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना का अपराध दर्ज किया गया है।
मामले में उनके सहयोगियों को भी सहआरोपी बनाया गया है। डीकेएस में आर्थिक अनियमितता की शिकायतें मिलने के बाद राज्य सरकार ने जांच समिति का गठन किया था। समिति ने जांच के बाद अपनी रिपोर्ट सौंपी है। इसमें वर्ष 2015 से 2018 के बीच 50 करोड़ रुपए की आर्थिक अनियमितता का खुलासा हुआ।
इस दौरान डा. गुप्ता डीकेएस अधीक्षक थे। जांच रिपोर्ट में उन्हें दोषी बताया गया है। लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने डा. गुप्ता व अन्य के खिलाफ धारा 409, 420 , 467, 468, 120 बी के तहत अपराध दर्ज किया है।
लिखित शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला
शासन की जांच समिति की रिपोर्ट मिलने के गुरुवार को ही एफआईआर की चर्चा शुरू हो गई थी। डीकेएस के वर्तमान अधीक्षक डा. केके सहारे जांच रिपोर्ट लेकर गोलबाजार थाने पहुंचे थे। पुलिस ने जांच रिपोर्ट के बजाय लिखित शिकायत की मांग की थी। उस समय डा. सहारे ने लिखित शिकायत नहीं की थी। इसके बाद शुक्रवार को डा. सहारे ने लिखित शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।