कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इसी महीने कर सकती हैं उत्तर प्रदेश का दौरा

 लखनऊ 
पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिला इकाइयों के गठन को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की दिल्ली में मैराथन बैठक जारी है। माना जा रहा है कि इन बैठकों के बाद प्रियंका गांधी इसी माह प्रदेश का दौरा कर सकती हैं। 
 

प्रियंका गांधी लंबे समय से दिल्ली में पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिला-शहर इकाइयों के गठन को लेकर मंथन कर रही है। सभी जिला-शहर कमेटियां भंग है और इनकी जगह नई कमेटियां बननी है। प्रियंका चाहती हैं कि इस बार संगठन में ऊर्जावान और मेहनती लोगों को तरजीह मिले, जिससे लंबे समय से मृतप्राय स्थानीय कमेटियों में जान आ सके। इसीलिए रोजाना दो-तीन जिलों के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूती देने पर राय ले रही हैं। इसी के साथ उनकी कोशिश कार्यकर्ताओं के आन्दोलनों के लिए तैयार करने की है। 
 

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस महासचिव का पहले जुलाई माह में ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के  जिलों में जाने का कार्यक्रम था जो पहले सोनभद्र की घटना और फिर  दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के असमायिक निधन के कारण स्थगित हो गया था। पार्टी नेताओं के मुताबिक कुछ वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि पहले जिला-शहर अध्यक्षों की तैनाती हो और उसके बाद प्रियंका गांधी दौरे पर जाएं। जिससे नई इकाईयां राष्ट्रीय महासचिव के कार्यक्रमों का आयोजन कराए। संभवत: अब इसी के बाद वह जिलों का दौरा करेंगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *