कांग्रेस की मनोवृत्ति ही आपातकाल : सीएम शिवराज

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कांग्रेस की मनोवृत्ति ही आपातकाल है। सत्ता में बने रहने के लिए लोकतंत्र को कुचला गया था। तब की पीएम इंदिरा गांधी ने अत्याचार कराए थे। स्वतंत्र भारत में ऐसी यातनाएं देश के लिए सबसे काला दिन था। आज एक पार्टी भी उसी मानसिकता से काम कर रही है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आपातकाल पर लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए सीएम शिवराज ने ये बातें कहीं।  दूसरी ओर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज मध्यप्रदेश जनसंवाद रैली को संबोधित कर रहे हैं। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में एक साल की उपलब्धियां बताने के लिए आयोजित की गई इस वर्चुअल रैली में दिल्ली से नड्डा के साथ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे मौजूद रहेंगे जबकि भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत भी शामिल होंगे। नड्डा के संबोधन सुनाने के लिए उपचुनाव वाले 24 विधानसभा क्षेत्रों में हर बूथ पर कार्यकर्ताओं की टीम एकत्र की गई है।

पांढुर्ना नगरपालिका अध्यक्ष ने ज्वॉइन की भाजपा
इस मौके पर पांढुर्ना नगरपालिका के अध्यक्ष प्रवीण पालीवाल ने सीएम शिवराज की मौजूदगी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पालीवाल ने कहा कि कांग्रेस ने उपेक्षा की थी, इसलिए पार्टी छोड़ी है। अब बीजेपी के साथ मिलकर क्षेत्र का विकास करूंगा। उन्होंने कहा कि निर्दलीय चुनाव जीतने पर तत्कालीन सीएम कमलनाथ ने भेदभाव किया था।  प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद सीएम शिवराज ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कहा कि जल्द ही दिल्ली जाएंगे। इसके बाद वे प्रदेश संगठन पदाधिकारियों के साथ बंद कमरे में आधे घंटे से अधिक समय तक चर्चा करते रहे। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष शर्मा समेत अन्य नेता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *