कर्नाटक: सरकार पर संकट के बीच आपस में भिड़े कांग्रेस के 2 MLA! अस्पताल में भर्ती

बेंगलुरु 
कर्नाटक में विधायकों को रिजॉर्ट ले जाने के बाद भी कांग्रेस को राहत मिलती नहीं दिख रही है। रविवार को रिजॉर्ट में ही कांग्रेस के दो विधायक आनंद सिंह और जेएन गणेश आपस में भिड़ गए। यह झगड़ा इतना खतरनाक हो गया कि सिर में चोट लगने के चलते आनंद सिंह को बेंगलुरु के एक हॉस्पिटल में भर्ती करना पड़ा है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, गणेश ने आनंद सिंह के सिर पर बोतल दे मारी जिससे वह घायल हो गए। 

बताते चलें कि कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कर्नाटक में विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश कर रही है। इसी के बाद कांग्रेस ने अपने कुछ विधायकों को एक रिजॉर्ट में ठहराया। ये विधायक शनिवार को देर रात तक पार्टी कर रहे थे, उसी दौरान इन दोनों विधायकों में झगड़ा हुआ। 

जेएन गणेश पर पाला बदलने की तैयारी का आरोप 
सूत्रों के मुताबिक, जेएन गणेश कांग्रेस से नाराज चल रहे एक और विधायक के संपर्क में थे और बीजेपी के साथ जाने की तैयारी में थे। इसी बात को लेकर आनंद और गणेश के बीच बहस हो गई। आनंद ने गणेश को 'ऑपरेशन लोटस' के फेल होने के लिए जिम्मेदार बताया। इसी बात को लेकर गुस्साए गणेश ने आनंद के सिर पर बोतल दे मारी। 

पार्टी में मौजूद दूसरे विधायकों ने तत्काल आनंद को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल ने आनंद की स्थिति के बारे में कोई बयान नहीं जारी किया है। इस बीच, कांग्रेस ने विधायकों के बीच मारपीट की रिपोर्ट्स को खारिज किया है। कांग्रेस नेता डी. के. सुरेश ने कहा, 'आनंद सिंह सीने में दर्द की वजह से अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें कोई चोट या उस तरह की कोई बात नहीं है। उनके माता-पिता अस्पताल में मौजूद हैं। अन्य सारी बातें सिर्फ अटकलें हैं।' 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *