कम्प्यूटर बाबा ने मीडिया से कहा दिग्विजय को आज मैंने  किया विजय घोषित

भोपाल 
देश भर में हिन्दुत्व की प्रयोगशाला बनी भोपाल लोकसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह की दिग्विजय के लिए आज राजधानी में साधु संतों ने हठ योग कर अनुष्ठान किया। संत समागम में दिग्विजय सिंह और उनकी पत्नी अमृता सिंह ने भी हवन में आहूतियां दी। हवन के दौरान कम्प्यूटर बाबा ने भोपाल लोकसभा सीट से दिग्विजय सिंह को विजय घोषित कर दिया। यहां पर दिग्विजय सिंह का मुकाबला भाजपा की साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर से है। 

साधु संत तीन दिन तक भोपाल में दिग्विजय सिंह के समर्थन में प्रचार करेंगे। इससे पहले कम्प्यूटर बाबा ने लखनऊ में कांग्रेस उम्मीदवार आचार्य प्रमोद कृष्णम के लिए भी प्रचार किया था। 

राजधानी के कांग्रेस और भाजपा के बीच मची हिन्दुत्व की होड़ में आज कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में सैफिया कॉलेज मैदान पर सुबह से साधु-संतों का जमावड़ा लगा। साधुओं ने दिग्विजय सिंह की जीत के लिए अपने-अपने तरीखे से धूनी रमाई।

दिग्विजय सिंह की जीत के लिए मौसम के चढ़ते पारा भी साधु-संतों को आग के बीच में  बैठने से विचलित नहीं कर सका। कम्प्यूटर बाबा ने अपने चारो तरफ कंडे जलाए और मिट्टी के बर्तन में कंड़े जलाकर अपने सिर पर रख धूनी रमाई। किसी ने चारों तरफ कंड़े की आग के बीच में सिर के बल खड़े होकर अपनी आस्था दिखाई। कई साधु-संतों ने अपने चारों ओर कंडे जला रखे थे। इसके बीच वे अपनी साधना कर रहे थे। 

दिग्विजय सिंह भी संतो के इस समागम में शामिल हुए। उन्होंने अपनी पत्नी अमृता सिंह के साथ यहां पर मंत्रों के बीच हवन कुंड में आहूतियां दी। इस दौरान साधुओं ने बीच बीच में नर्मदा हर के जय घोष भी लगाए। 

अनुष्ठान करने के बाद कम्प्यूटर बाबा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने आज दिग्विजय सिंह को भोपाल लोकसभा सीट से विजय घोषित कर दिया है। दिग्विजय सिंह की धार्मिक भावनाओं के कारण ही आज देश भर से हजारों साधु-संत यहां पर उनके लिए जुटे हैं। देश के कोने-कोने से साधु यहां पर आकर दिग्विजय सिंह की जीत के लिए अनुष्ठान कर रहे हैं। कम्प्यूटर बाबा ने कहा कि साधु-संतों के पास एक मात्र अनुष्ठान ही अस्त्र और शस्त्र है। जिसका आज प्रयोग किया गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *