ओवरटेक करने की वजह से ऑटो पलटा, एक महिला की मौत और पांच घायल

लखीसराय 
लखीसराय टाउन थाना क्षेत्र के डीएवी स्कूल के पास सड़क हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए विद्यापीठ चौक स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी लोग ऑटो से बड़हिया शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। ऑटो चालक के ओवरटेक करने के कारण यह हादसा हुआ।

जानकारी के मुताबिक सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के अरमा गांव के 15 से अधिक लोग ऑटो पर सवार होकर बड़हिया शादी में जा रहे थे। स्व भासो राम की पुत्री नीता कुमारी की शादी बड़हिया स्थिति महारानी स्थान में होनी थी। ऑटो पर सवार सभी लड़की पक्ष की ओर से थे। डीएवी स्कूल के पास पहुंचते ही ऑटो चालक ओवरटेक करने के दौरान असंतुलित हो गया और ऑटो वहीं पलट गया।

हादसे में नरेश राम की 55 वर्षीय पत्नी गीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लड़की की मां शोभा देवी के साथ ही 16 वर्षीय प्रीति कुमारी, शैली देवी, 30 वर्षीय राजकुमार, 10 वर्षीय मनीषा बुरी तरह घायल हो गई। घायलों को ममता क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों का हालचाल जाना। खबर लिखे जाने तक पुलिस ऑटो को जब्त करने की प्रक्रिया में जुटी थी। इधर हादसे के बाद परिजनों के चित्कार से अस्पताल परिसर गमगीन हो गया। सभी महिलाएं चित्कार मारकर रो रहीं थी। वहीं नीता बार-बार बेहोश पड़ रहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *