एक ही रस्सी पर झूलते मिले दो हॉकी खिलाड़ियों के शव, परिजनों को हत्या का शक

रांची
झारखंड के सिमडेगा में रविवार को होश उड़ा देने वाली घटना में दो आदिवासी हॉकी खिलाड़ी एक ही रस्सी से पेड़ पर झूलती मिलीं। दोनों के परिवारों ने हत्या का शक जताया है जिसके बाद पुलिस ने उनके बयान के आधार पर सोमवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एक विशेष टीम केस की तहकीकात करेगी।

राउरकेला में मैरी मिनाती के कोचिंग सेंटर में सुनंदिनी बागे (23) और श्रद्धा (18) साथ में हॉकी खेलती थीं। लोगों ने रविवार सुबह उन्हें राउरकेला से करीब 100 किमी और उनके घरों से 50 किमी दूर बीरू अरानी गांव में मृत पाया। पुलिस के सूत्रों ने बताया है कि पहले घटना को 'सूइसाइड पैक्ट' माना जा रहा था लेकिन श्रद्धा के परिवार ने पुलिस को लिखित में बयान दिया है कि उन्हें शक है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। सुनंदिनी के परिवार को भी यही शक है।

एक दिन पहले की थी कोच से बात
सिमडेगा के एसपी संजीव कुमार ने बताया है कि इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। सूत्रों के मुताबिक शनिवार रात सुनिंदिन ने अपनी कोच को फोन कर कहा था कि उन्होंने बहुत बड़ी गलती की है और मिनाती को आकर उन्हें राउरकेला ले जाना चाहिए। सुनिंदिनी ने मिनाती से अपने साथ कुछ लोगों को लाने के लिए भी कहा।

परिवार को हत्या का शक
श्रद्धा के पिता का कहना है कि पेड़ की डाल इतनी मजबूत नहीं कि दो लड़कियों का वजन उठा सकती। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों के पैर जमीन से छू रहे थे। पुलिस के सूत्रों का कहना है कि इस ऐंगल से भी जांच की जा रही है कि क्या दोनों लड़कियों के बीच कोई संबंध था। कुमार का कहना है कि शवों पर चोट का निशान नहीं है। यह बात भी सामने आई है कि दोनों ने शनिवार शाम को रस्सी खरीदी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *