एक बार फिर डॉक्टर संग मारपीट, अस्पतालों में हड़ताल

नई दिल्ली
हॉस्पिटल में डॉक्टरों से कथित मारपीट के बाद राजधानी के कई हॉस्पिटल्स ने फिर से अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल शुरू कर दी है। यह हड़ताल मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज और महर्षि वाल्मिकी अस्पताल में हुई घटनाओं के बाद शुरू हुई। अब इसमें दिल्ली के कुछ और हॉस्पिटल्स का स्टाफ भी शामिल हो गया है। रेजिडेंट्स डॉक्टर्स की इस हड़ताल की वजह से मरीजों को ओपीडी, ओटी और इमरजेंसी जैसी सेवाएं नहीं मिलेंगी।

बता दें कि हाल ही में पश्चिम बंगाल में डॉक्टरों के साथ हुई मारपीट के बाद देशभर में डॉक्टरों की हड़ताल देखने को मिली थी, जिसके बाद डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए सरकार की ओर से कई तरह के वादे किए गए थे। हालांकि डॉक्टर्स का कहना है कि जमीनी स्तर पर कुछ हुआ नजर नहीं आता है।

हुई डॉक्टर की पिटाई
लोकनायक अस्पताल के डॉ. प्रियांक का कहना है कि एक बुजुर्ग मरीज को अस्पताल लाया गया था। उन्हें अटैक आया था। अस्पताल में आने के समय ही उनके तिमारदार बेहद गुस्से में नजर आ रहे थे। मरीज की स्थिति काफी खराब थी। काफी कोशिशों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। ऐसे में तिमारदारों ने वहां मौजूद डॉक्टर की पिटाई कर दी। डॉक्टर को कंधे और चेस्ट पर चोट आई है। कुछ अंदरूनी चोटें भी लगी हैं। ऐसे में रात को ही इमरजेंसी सेवा ठप कर दी गई। आज से सभी रेजिडेंट हड़ताल पर हैं। मरीजों को ओपीडी, ओटी और इमरजेंसी जैसी सेवाएं नहीं मिलेंगी।

मौलाना आजाद, पंत और गुरु नानक के डॉक्टर्स भी शामिल
हड़ताल में मौलाना आजाद, जीबी पंत और गुरु नानक आई सेंटर के रेजिडेंट डॉक्टर्स भी शामिल हैं। प्रियांक ने आगे कहा कि जब भी डॉक्टरों के साथ मारपीट होती है, तो डॉक्टरों की मांग पर अस्पताल की ओर से बाउंसर्स तैनात कर दिए जाते हैं, लेकिन एक महीने बाद उन्हें फिर से हटा दिया जाता है। ऐसे में हमारी मांग स्थाई रूप से बाउंसर्स तैनात करने की है।

महर्षि वाल्मिकी अस्पताल में भी मारपीट
वहीं महर्षि वाल्मीकि अस्पताल की आरडीए के प्रेजिडेंट डॉ. समीर कक्कड़ का कहना है कि अस्पताल में रविवार देर शाम एक मरीज आया जिसके तिमारदार डॉक्टरों को जबरदस्ती पहले उनके मरीज को देखने के लिए कहने लगे। डॉक्टरों ने नंबर से देखने को कहा, तो उन्होंने डॉक्टर का कॉलर पकड़ लिया और मारपीट भी की। इसके विरोध में आज अस्पताल के सभी रेजिडेंट्स हड़ताल पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *