उत्तर और मध्य भारत में शीतलहर तेज, एमपी में 1 की मौत

नई दिल्ली 
पहाड़ी इलाकों में कई जगहों पर भारी बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में भी पारा काफी लुढ़क गया है। यूपी, बिहार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। दिल्ली-एनसीआर में कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच चुका है। इसी तरह, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और महाराष्ट्र समेत मध्य भारत भीषण शीतलहर की चपेट में है। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में 35 साल के एक शख्स की ठंड से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुल्तानपुर इलाके के किसान कमल किशोर के रूप में हुई है। सूत्रों ने बताया कि वह शराब के नशे में अपने घर के बाहर सोया हुआ था। रविवार को उसके परिवार के सदस्य उसे अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 
 उत्तर भारत में शीतलहर तेज हो चुकी है। लोग अपने घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। जगह-जगह अलाव का सहारा लेकर लोग ठंड को मात देने की कोशिश कर रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत खुले आसमान के नीचे रहने वाले बेघरों के लिए है। हालांकि, तमाम जगहों पर प्रशासन ने रैनबसेरों का इंतजाम किया है। शीतलहर तेज होने की वजह से दिल्ली में बेघर लोगों ने रैनबसेरों में शरण ली है। दिल्ली और एनसीआर इस बार सर्दी में हर रेकॉर्ड तोड़ रहा है। रविवार को गुरुग्राम का न्यूनतम तापमान महज 0.4 डिग्री रहा। यह भीलवाड़ा से ठंडा है, जहां का तापमान महज 0.6 डिग्री है। 

मध्य प्रदेश के मांडला, उमरिया और बुंदेलखंड के जंगलों में बर्फ की एक महीन परत जम गई है। वहीं कुछ जगहों पर पाला पड़ने की खबर है, जिनसे फसलों को नुकसान पहुंचा है। एमपी के मैदानी इलाकों में खजुराहो और उमरिया सबसे ठंडे रहें, जहां तापमान 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रविवार को भोपाल में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी के हिल स्टेशन में न्यूनतम तापमान -2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *