इस्तीफे के बाद फुल्का ने कहा, अन्ना आंदोलन का पार्टी में तब्दील होना गलत फैसला

 
नई दिल्ली 

कांग्रेस के साथ आप के गठबंधन की अटकलों के बीच इस्तीफा देने वाले पंजाब विधायक एच.एस.फुल्का ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी के गठन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने संभावित गठबंधन को पार्टी छोड़ने की वजह तो नहीं बताई, लेकिन शुक्रवार को अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जरूर कहा कि अन्ना आंदोलन का राजनीतिक पार्टी में तब्दील होना गलत फैसला था। फुल्का ने कहा कि अन्ना आंदोलन की जरूरत देश को है और वह राजनीति छोड़कर पंजाब से एक संगठन की शुरुआत करेंगे और सबसे पहले नशा मुक्ति के खिलाफ काम करेंगे। बता दें कि दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच बढ़ती नजदीकियों से फुल्का कई बार नाराजगी जता चुके हैं।  

फुल्का ने शुक्रवार को प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, 'पांच साल के राजनीतिक अनुभव ने सिखाया कि आंदोलन को राजनीतिक पार्टी में बदलना गलत फैसला था। करीब 8 साल पहले देश में अन्ना आंदोलन की शुरुआत हुई। तब बहुत से सोशल वर्कर साथ गए। ऐसा संगठन बना जो समानांतर ताक बनके खड़ा हुआ। उसमें इतनी शक्ति थी कि कोई पॉलिटिकल पार्टी उसका विरोध नहीं कर सकती थी। देश को अन्ना आंदोलन जैसे मूवमेंट की जरूरत है। जो सच को सच और गलत को गलत कह सके। ऐसा आंदोलन जब हमने तब खड़ा किया था तो आज भी कर सकते हैं। अन्ना आंदोलन से जुड़े लोग राजनीति से बाहर आ गए हैं।' 

उन्होंने साथ ही कहा कि वह एक साल से राजनीति से दूर हैं और पंजाब में सामाजिक कार्य कर रहे थे। फुल्का ने ऐसा कह कर यह जाहिर कर दिया है कि वह आप की राजनीति से खुश नहीं थे। 

 फुल्का पिछले दो दशकों से 1984 के दंगा पीड़ितों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में आप और कांग्रेस के बीच संभावित गठबंधन पर तो सीधे तौर से कुछ नहीं कहा, लेकिन पूरे उन्होंने इस बात पर जरूर जोर दिया कि नॉन-कांग्रेस पार्टियों को 1984 के मुद्दे पर साथ आना चाहिए। 

उल्लेखनीय है कि फुल्का ने गुरुवार को ट्वीट कर इस्तीफे की जानकारी दी थी। उनका इस्तीफा पंजाब में आप के लिए झटका माना जा रहा है। उन्होंने ट्वीट किया, 'मैंने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और अपना इस्तीफा केजरीवाल जी को सौंप दिया है। हालांकि, उन्होंने मुझे इस्तीफा देने से रोका भी लेकिन मैंने इस्तीफे पर जोर दिया। फुल्का पहले भी एक बार इस्तीफा दे चुके हैं लेकिन अरविंद केजरीवाल के कहने पर वह मान गए थे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *