इंडियन ग्रांप्री-2 में चमके धारून और दुती

नयी दिल्ली
एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता फर्राटा धाविका दुती चंद और बाधा दौड़ के धावक धारून अयासामी ने उम्मीदों के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए बुधवार को यहां इंडियन ग्रां प्री -2 में अपनी अपनी स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते। दुती ने महिलाओं की 200 मीटर की दौड़ 23.30 सेकेंड में जीती जो इस ग्रां प्री सीरीज में उनका दूसरा स्वर्ण पदक है। इस समय से दुती को आईएएएफ विश्व रैंकिंग में 200 मीटर में रैंकिंग में सुधार करने में मदद मिलेगी। यही नहीं इस समय से दुती ने दोहा में होने वाली एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिये भी क्वालीफाई किया। हरियाणा की अंजलि देवी (24.15 सेकेंड) ने रजत और आंध्र प्रदेश की सुप्रिया मदाल (24.48) ने कांस्य पदक जीता। धारून ने पुरूषों की 400 मीटर बाधा दौड़ में 49.94 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक हासिल किया। 

इंडियन ग्रां प्री सीरीज 2019 में यह उनका लगातार दूसरा स्वर्ण पदक है। संतोष कुमार ने 50.77 सेकेंड के साथ रजत और रामचंद्रन ने 50.83 सेकेंड के साथ कांस्य पदक जीता। महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में एशियाई खेलों की चार गुणा 400 मीटर की स्वर्ण पदक विजेता टीम की सदस्य रही एमआर पूवम्मा और वी के विसमाया ने क्रमश: स्वर्ण और रजत पदक जीते। पूवम्मा ने 54.12 सेकेंड और विसमाया ने 54.76 सेकेंड का समय लिया। उत्तर प्रदेश की प्राची ने कांस्य पदक जीता। तमिलनाडु के अरोकिया राजीव ने पुरूषों की 400 मीटर दौड़ 46.49 सेकेंड में पूरी करके सोने का तमगा हासिल किया। कर्नाटक के केएस जीवन ने दूसरा और केरल के कुन्हु मोहम्मद ने तीसरा स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश के अजय कुमार सरोज ने पुरूषों की 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। उत्तर प्रदेश के ही राहुल ने रजत और हरियाणा के अंकित ने कांस्य पदक जीता। महिलाओं की 1500 मीटर दौड़ पीयू चित्रा ने लिली दास को पीछे छोड़कर जीती। दिल्ली की ऊषा सती तीसरे स्थान पर रही।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *