अभिषेक मिश्रा की गिरफ्तारी पर शिवराज सिंह ने साधा निशाना

भोपाल
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि अपने अपराधी कार्यकर्ता को दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने पर शोर मचाने वाली प्रदेश सरकार भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्या जैसे अपराध पर भी पल्ला झाड़ रही है। चौहान ने ट््िवटर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस के संदर्भ में लिखा कि एक अपराधी कार्यकर्ता को पुलिस ने गिरफ्तार भर कर लिया, तो सारा आसमान सिर पर उठा लिया, जबकि भाजपा के चार-चार कार्यकर्ताओं की सांसें छीन लीं और सरकार इससे पल्ला झाड़ रही है। उन्होंने कांग्रेस सरकार के राज में अराजकता होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा और इसके सहयोगी संगठनों के कार्यकर्ताओं की हत्याएं थमने का नाम नहीं ले रहीं हैं और सरकार के मंत्री बचकाने बयान दे रहे हैं। कांग्रेस के आईटी सेल से जुड़े बताए जा रहे आईटी एक्सपर्ट अभिषेक मिश्रा को दो दिन पहले दिल्ली पुलिस ने राजधानी भोपाल से गिरफ्तार कर लिया। इस बारे में राज्य के गृह विभाग ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखते हुए इस कार्यवाही को उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन बताया है। चौहान ने इसी खबर के बहाने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *