अनलॉक-1 के बीच कई राज्यों में जारी रहेगी सख्ती, 5.0: पंजाब से मध्य प्रदेश तक

 नई दिल्ली                                                                                                 
केंद्र सरकार के लॉकडाउन 5.0 की घोषणा के साथ पंजाब और मध्य प्रदेश ने भी लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान कर दिया। वहीं राजस्थान ने एक जून से स्मारक व संग्रहालय खोलने और पश्चिम बंगाल ने एक जून से ही धार्मिक स्थल खोलने की घोषणा शनिवार को की।

गुजरात : दुकानों पर से रोक हटी 
गुजरात सरकार की कोरोना से जुड़ी कोर कमेटी की शनिवार को हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि एक जून से रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू रहेगा। सम-विषम की नीति को हटाते हुए सभी दुकानें शाम सात बजे तक खोली जा सकेंगी।
 
हिमाचल : एक जून से बसें चलेंगी 
हिमाचल प्रदेश में एक जून से सरकारी और निजी यात्री बसों का संचालन होगा। 70 दिनों के अंतराल के बाद सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक बसें चल सकेंगी। बसों में कुल क्षमता के 60 फीसदी यात्री ही होंगे, लेकिन एसी नहीं चलेगा।
 
तमिलनाडु : शूटिंग को छूट 
तमिलनाडु सरकार ने टीवी सीरियल की शूटिंग के सेट पर लगे प्रतिबंधों में और छूट दे दी है। 31 मई से अधिकतम 60 कलाकार और तकनीशियन शूटिंग के सेट पर जा सकते हैं।
 
मध्य प्रदेश : 15 दिन के लिए तालाबंदी बढ़ी 
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी राज्य में लॉकडाउन 15 जून तक बढ़ा दिया है। राज्य में स्कूल 13 जून के बाद खोलने का निर्णय़ होगा। राज्य सरकार ने 66.27 लाख छात्रों के बीच 146 करोड़ रुपये बांटे हैं।
 
पंजाब : 30 जून तक पाबंदी 
पंजाब में लॉकडाउन की अवधि 30जून तक बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि केंद्र की गाइडलाइन के अनुसार और छूट देंगे। हालांकि विशेषज्ञों ने शॉपिंग मॉल, होटल-रेस्तरां खोलने को लेकर आगाह किया है। राज्य में कांटैक्ट ट्रेसिंग के लिए आशा वर्कर की मदद ली जाएगी ङ्म प्रति व्यक्ति दो रुपये उन्हें दिए जाएंगे।
 
बंगाल : लॉकडाउन 15 जून तक बढ़ा 
पश्चिम बंगाल सरकार ने लॉकडाउन को 15 जून तक बढ़ा दिया है। होटल-रेस्तरां और शॉपिंग मॉल केंद्र की गाइडलाइन के अनुसार खुलेंगे। जूट मिल एक जून से 100 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ खुलेंगी। एक जून से धार्मिक स्थल खोले जा सकते हैं। आठ जून से सरकारी कार्यालयों में 70 फीसदी उपस्थिति की इजाजत होगी।
 
कर्नाटक : रविवार के कर्फ्यू में ढील 
कर्नाटक सरकार ने शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक लॉकडाउन के आदेश को बरकरार रखते हुए रविवार को कफ्र्यू के नियमों में ढील दी है।
 
राजस्थान : कल से खुल जाएंगे स्मारक 
राजस्थान में स्मारक व संग्रहालय सोमवार से फिर खुल जाएंगे। पहले दो सप्ताह पर्यटकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। एक जून से शुरू होने वाले पहले सप्ताह में ये स्मारक मंगलवार, गुरुवार, शनिवार व रविवार को सुबह 9 से 2 बजे तक खुलेंगे। वहीं अगले एक सप्ताह से ये चार दिन को सुबह 9 से दोपहर 1 बजे व सायं 3 से 5 बजे तक खुलेंगे।
 
गोवा : यात्रा-पास फिर से डीएम देंगे 
गोवा में पिछले दो दिनों में बड़ी संख्या में लोगों के आगमन को देखते हुए राज्य की प्रमोद सावंत सरकार हाल में दी गई स्वनिर्मित ई-पास की सुविधा को समाप्त कर पूर्ववर्ती प्रणाली को ही वापस लागू करने पर विचार कर रही है।

ट्विटर पर छाया लॉकडाउन-5 
शाम सात बजे के बाद अचानक इस हैशटैग ने टॉप-5 ट्विटर ट्रेंड में जगह बनाई। यह देर रात 10 बजे तक पहले पायदान पर बना रहा। इससे 25 हजार से अधिक ट्वीट हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *