यह मत समझना कांग्रेस सिर्फ ट्रांसफर करवाएगी, पूरी जन्मपत्री खोलकर घर भिजवा देगी

बड़वानी
मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा के जिला कांग्रेस अध्यक्ष का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जिलाध्यक्ष अधिकारियों को धमकी देते हुए नजर आ रहे है।वीडियो में जिलाध्यक्ष कहते नजर आ रहे है कि "यह मत समझ लेना कि कांग्रेस सिर्फ ट्रांसफर करवाएगी, पूरी जन्मपत्री खोलकर घर भिजवा देगी"। वीडियो के वायरल होने के बाद अधिकारियों-कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।

दरअसल, शुक्रवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह दरबार नवनिर्वाचित विधायक ग्यारसीलाल रावत की विजय रैली शामिल होने पहुंचे थे। यहां रावत के जनता को धन्यवाद देने के बाद सभा को संबोधित करते हुए दरबार ने कहा कि अधिकारी कर्मचारी अब यह समझ ले कि बदलाव का वक्त था, जो कि अब बदल चुका है। अब उन्हें चाहिए कि पुरानी पट्टी और पुराने चश्मा उतार लें। उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी में यह आया है कि बहुत से अधिकारी अभी भी विधायक से 'फॉर्मल मीटिंग' करने नहीं पहुंचे हैं। उन कर्मचारियों को यह नहीं समझना चाहिए कि कांग्रेस केवल तबादला ही कराएगी, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि पूरी जन्मपत्री खोलकर घर भिजवा देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुखिया कमलनाथ वरिष्ठ और समझदार नेता हैं। नयी सरकार में अब कर्मचारियों की बेईमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *