हिंदू धर्म को सम्मान दिलाना मेरा लक्ष्य : प्रज्ञा ठाकुर
भोपाल।
हिंदू धर्म को सम्मान दिलाना ही मेरा लक्ष्य है। मेरा उद्देश्य भोपाल का विकास और कल्याण है। यह कहना है साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का। प्रज्ञा सिंह ठाकुर को भारतीय जनता पार्टी ने भोपाल लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इस सीट पर उनका मुकाबला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह से होगा। राजधानी में भाजपा की बैठक और अपनी उम्मीदवारी घोषित होने के बाद प्रज्ञा सिंह ने कहा कि मुझे भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने यह जिम्मेदारी दी है। राजनीति में मुझे कम अनुभव है। भोपाल से विजयश्री हासिल कर देश को सुरक्षित करेंगे। वहीं प्रज्ञा सिंह की उम्मीदवारी पर पूर्व सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि इंतजार की घड़ियां समाप्त हो गई।
प्रज्ञा की उम्मीदवारी का स्वागत करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि साध्वीजी का भोपाल में स्वागत है। मैं मां नर्मदा से उनके लिए आशीर्वाद की कामना करता हूं। उम्मीद है हम मिलकर राज्य में शांति और सौहाद्र का माहौल बनाएंगे।
उल्लेखनीयहै कि भोपाल सीट पर वर्तमान में भाजपा का कब्जा है। इस सीट से आलोक संजर चुनाव जीते थे।संजर ने अब कमलनाथ सरकार में मंत्री पीसी शर्मा को उस चुनाव में पराजित किया था।
उल्लेखनीय है कि मालेगांव बम धमाके में आरोपी रही साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर( Sadhvi Pragya Singh Thakur) आज सुबह भोपाल में बीजेपी कार्यालय पहुंचीं और पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान, प्रभात झा, नरोत्तम मिश्रा और रामलाल से बंद कमरे में मुलाकात की।
इसके बाद पत्रकारों से हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि वो भाजपा की प्राथमिक सदस्यता मंगलवार को ही ले चुकी हैं। वो एबीवीपी और दुर्गावाहिनी जैसे भाजपा के अनुषांगिक संगठनों से जुड़ी रह चुकी हैं और उनकी छवि कट्टर हिंदूवादी के तौर पर रही है।