जवानों के वीकली ऑफ में आड़े आया स्टाफ की कमी का रोड़ा

रायपुर
 डीजीपी डीएम अवस्थी के निर्देश के बावजूद राजधानी समेत जिले के 20 से अधिक पुलिस थानों के जवानों को वीकली ऑफ का लाभ नहीं मिल पा रहा है। दरअसल इसके पीछे स्टाफ की कमी का रोड़ा आड़े आ रहा है। अफसरों का कहना है कि जब तक पर्याप्त संख्या में स्टाफ नहीं होगा, तब तक रोटेशन में सभी को वीकली ऑफ देने से थाने का कामकाज ठप हो जाएगा। लिहाजा स्टाफ की बढ़ोतरी जरूरी है। प्रयोग के तौर पर क्रमश एक-एक थाने में ऑफ देना शुरू किया गया है।

रायपुर जिले में कुल 32 पुलिस थाने हैं। इनमें केवल शहर में 23 थाने हैं। अधिकांश थानों में बल की कमी बनी हुई है। इसके कारण 20 से अधिक ऐसे थाने हैं, जहां निरीक्षक से लेकर आरक्षक तक को वीकली ऑफ का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बाकी थानों में स्टाफ पर्याप्त होने से वीकली ऑफ दिया जा रहा है।

पिछले महीने डीजीपी डीएम अवस्थी ने पुलिस थानों में पदस्थ निरीक्षक से लेकर आरक्षक तक को सप्ताह में एक दिन छुट्टी देने का आदेश जारी किया था। इस आदेश के बाद बाकायदा थानों में रोस्टर बनाकर जवानों के ऑफ का दिन निर्धारित कर दिया गया, लेकिन जिले में बीस से अधिक ऐसे थाने हैं, जहां स्टाफ का टोटा होने से जवानों की अब तक छुट्टी शुरू नहीं की गई है।

इसे लेकर पुलिस जवानों में भारी आक्रोश के साथ मतभेद शुरू हो गया है। जवान अब दबी जुबान से अफसरों पर पक्षपात का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि पुलिस अधिकारी दावा कर रहे हैं कि जल्द ही बाकी थानों में भी वीकली ऑफ शुरू किया जाएगा। इससे सभी को छुट्टी का लाभ मिलेगा। यहां यह भी उल्लेख कर दें कि ऑफ के लिए बल में भारी विरोध की सुगबुगाहट थी। इसके मद्देनजर ऑफ देने का निर्देश जारी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *