बैरिकेड भाजपाइयों ने तोड़े और लाठियां कांग्रेसियों पर भांजी गईं; छिंदवाड़ा पुलिस पर कांग्रेस का गंभीर आरोप

छिंदवाड़ा: शहर के ‘राजीव भवन’ के सामने भाजपा के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए हंगामे ने अब एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने जिला प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि पुलिस ने दोषपूर्ण कार्रवाई की है। कांग्रेस का कहना है कि जहाँ भाजपा कार्यकर्ताओं ने कानून तोड़ते हुए तीन लेयर के बैरिकेड्स गिराए, वहीं पुलिस ने संयम बरतने के बजाय कांग्रेस कार्यालय के सामने खड़े कार्यकर्ताओं पर ही लाठियां भांज दीं।

वरिष्ठ नेताओं ने घेरा प्रशासन

जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे और जुन्नारदेव विधायक (MLA) सुनील उइके ने इस घटना पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को जबरदस्ती कांग्रेस भवन के सामने प्रदर्शन करने की अनुमति दी गई, जिससे तनाव बढ़ा। नेताओं का आरोप है कि पुलिस की लाठीबाजी में कई निर्दोष कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हुए हैं। कांग्रेस का सवाल है कि जब बैरिकेड्स भाजपाई तोड़ रहे थे, तो सजा कांग्रेसियों को क्यों दी गई?

जांच का आश्वासन

कांग्रेस के इन गंभीर आरोपों और सुरक्षा प्रबंधन की पोल खुलने के बाद प्रशासन बैकफुट पर नजर आ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीएम (ADM) धीरज सिंह ने कांग्रेस नेताओं को पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच करने का आश्वासन दिया है। पुलिस अब सीसीटीवी और वीडियो फुटेज खंगाल रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बल प्रयोग की नौबत क्यों और किस पक्ष पर आई।