मोहन सरकार में नियुक्तियों का काउंटडाउन शुरू: दीपक सक्सेना को पर्यटन विकास निगम का अध्यक्ष बनाना तय, जल्द जारी हो सकती है सूची
मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार में निगम-मंडलों में नियुक्तियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। मकर संक्रांति यानी सूर्य के उत्तरायण होते ही प्रदेश के करीब 12 भाजपा नेताओं को निगम-मंडलों की कमान सौंपी जा रही है। इस सूची में सबसे प्रमुख नाम छिंदवाड़ा के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना का है, जिन्हें मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम (MP Tourism) का चेयरमैन बनाया जाना लगभग तय हो चुका है।
भोपाल से आया बुलावा
सूत्रों के मुताबिक, दीपक सक्सेना को विशेष रूप से भोपाल बुलाया गया है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री कार्यालय से हरी झंडी मिलने के बाद अब केवल आधिकारिक घोषणा होना शेष है। फिलहाल मोहन मंत्रिमंडल के विस्तार की खबरों पर विराम लगता दिख रहा है, लेकिन निगम-मंडलों में ताजपोशी के जरिए क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को साधने की कवायद तेज हो गई है।
कमलनाथ के गढ़ में सेंध लगाने का मिला ‘ईनाम’
दीपक सक्सेना कभी पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के सबसे विश्वस्त माने जाते थे। उन्होंने कमलनाथ के लिए अपनी विधायकी तक छोड़ी थी। हालांकि, पिछले लोकसभा चुनाव से पहले नकुलनाथ और उनके करीबियों से नाराजगी के चलते उन्होंने कांग्रेस का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। दीपक सक्सेना और उनके समर्थकों के भाजपा में आने के बाद ही भाजपा छिंदवाड़ा लोकसभा सीट जीतने में सफल रही और विवेक बंटी साहू सांसद बने।
6 बार के विधायक और अनुभवी चेहरा
दीपक सक्सेना 6 बार विधायक रह चुके हैं और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में काम कर चुके हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव और छिंदवाड़ा क्षेत्र में उनकी पकड़ को देखते हुए भाजपा नेतृत्व ने उन्हें पर्यटन निगम जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने का मन बनाया है।
आगामी दिनों में छिंदवाड़ा सहित प्रदेश के अन्य जिलों के करीब 11 और नेताओं को विभिन्न बोर्ड और निगमों में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के पदों पर तैनात किया जाएगा।
