आखिरकार सुरेश कपाले जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बने: नाराज कपाले कैसे माने जानिए
आखिरकार कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष सुरेश कपाले को जिला कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
संगठन सृजन अभियान के दौरान उन्होंने जिला अध्यक्ष पद के लिए दावा पेश किया था, लेकिन अगस्त 2025 को जारी सूची में नाम न आने से वे और उनकी टीम नाराज हो गई थी। 19 अगस्त को पूर्व सांसद के आगमन पर उन्होंने दूरी बनाकर अपनी नाराजगी जताई थी। यही नहीं, पहली बार ऐसा हुआ कि जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे की नियुक्ति के बाद कपाले और उनकी सेवादल टीम ने वरिष्ठ नेता नाथ को गार्ड ऑफ ऑनर तक नहीं दिया। इससे पूरे संगठन में हड़कंप मच गया था।
जानकारी के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के निजी सहायक आर.के. मिगलानी ने नाराज सुरेश कपाले को घर पहुंचकर मनाया। इसके बाद ही कपाले और उनकी टीम अगले दिन कांग्रेस के किसान बचाओ आंदोलन में सक्रिय दिखाई दी।
उनके तेवरों और संगठन में पकड़ को देखते हुए अब पार्टी ने उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी है।
कांग्रेस में परंपरा रही है कि जिला अध्यक्ष के साथ 2-3 कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किए जाते हैं, हालांकि पिछली कार्यकारिणी में ऐसा नहीं हुआ था। कपाले की नियुक्ति से यह परंपरा फिर शुरू हुई है। खास बात यह भी है कि इस बार जिला अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्ष दोनों एक ही समाज से हैं, जिससे कांग्रेस के भीतर नई चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
सुरेश कपाले को कांग्रेस कमेटी में कार्यकारी जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर सेवादल ने किया भव्य स्वागत
पूर्व मुख्यमंत्री माननीय कमलनाथ जी एवं पूर्व सांसद माननीय नकुलनाथ जी के करीबी और विश्वासपात्र, कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष सुरेश कपाले जी को जिला कांग्रेस कमेटी में कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर जिला कांग्रेस सेवादल, महिला कांग्रेस सेवादल और कांग्रेस सेवादल यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारियों ने भव्य आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जोरदार स्वागत किया।