RSSU की ‘स्मार्ट’ पहल: मोबाइल ऐप से डिजिटल होगी यूनिवर्सिटी, शोधार्थियों को मिलेगी फैलोशिप

छिंदवाड़ा: राजा शंकरशाह यूनिवर्सिटी ने तकनीकी नवाचार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए ‘RSSU Chhindwara’ ऐप लॉन्च किया है। कुलगुरु प्रो. इंद्र प्रसाद त्रिपाठी द्वारा शुरू किया गया यह ऐप प्रदेश में अपनी तरह की पहली सुविधा है। अब छात्र घर बैठे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के परीक्षा फॉर्म भरने, फीस जमा करने और एडमिट कार्ड डाउनलोड करने जैसे कार्य कर सकेंगे।

परीक्षा नियंत्रक डॉ. धनाराम उईके के अनुसार, स्नातक प्रथम वर्ष के लिए आवेदन प्रक्रिया 4 फरवरी से शुरू हो गई है। छात्र प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड कर यूनिक आईडी के जरिए लॉग-इन कर सकते हैं। भविष्य में छात्र इसी प्लेटफॉर्म से अपनी कॉपियों का डिजिटल मूल्यांकन भी कर सकेंगे।

शिक्षा के साथ शोध को बढ़ावा देने के लिए यूनिवर्सिटी ने ‘बादल भोई’ और ‘कुंवर रघुनाथ शाह’ फैलोशिप भी शुरू की है। यह उन शोधार्थियों को दी जाएगी जो भारतीय इतिहास, जनजातीय संस्कृति और कला के प्रमाणिक स्वरूप पर कार्य करेंगे। इस पहल से विश्वविद्यालय की प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और गति आएगी।