खाद्य विभाग की रिपोर्ट में टॉप-एन-टाउन और हैवमोर के सैंपल फेल, बच्चों की सेहत से खिलवाड़
छिंदवाड़ा। भीषण गर्मी के इस दौर में यदि आप या आपके बच्चे TOP’N TOWN या HAVMOR ब्रांड की आइसक्रीम बड़े चाव से खा रहे हैं, तो रुकिए! यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। मध्यप्रदेश शासन के ‘मिलावट से मुक्ति’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग छिंदवाड़ा की जांच में इन नामी ब्रांड्स की आइसक्रीम अमानक (Substandard) पाई गई है।
किन फ्लेवर्स में मिली मिलावट?
खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोपेश मिश्रा द्वारा शहर के मुख्य वितरकों से लिए गए नमूनों की राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त हुई है। रिपोर्ट के अनुसार:
TOP’N TOWN BRAND: मैंगो, बटर स्कॉच और वनीला जैसे लोकप्रिय फ्लेवर्स जांच में फेल हो गए हैं। (सैंपल सिवनी रोड स्थित जानहवी फूड्स से लिए गए थे)।
HAVMOR BRAND: इस ब्रांड की ‘अल्फोंसो मैंगो’ फ्लेवर आइसक्रीम अमानक पाई गई है। (सैंपल सरकार डिस्ट्रीब्यूटर्स से लिए गए थे)।
विभाग की कड़ी कार्रवाई: नोटिस जारी
रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दोनों मुख्य वितरकों और संबंधित निर्माणकर्ता कंपनियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 46(4) के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
अगला कदम: कोर्ट में पेश होगा चालान
विभागीय सूत्रों के अनुसार, नोटिस की निर्धारित अवधि बीतने के बाद दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यदि कंपनियां केंद्रीय प्रयोगशाला में जांच की अपील नहीं करती हैं, तो विभाग सीधे सक्षम न्यायालय में चालान पेश कर भारी जुर्माने और अन्य कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।
