DRM के सामने विरोध: दादा जी धूनी वाले मंदिर के सामने रेलवे निर्माण रोकने की मांग, सैकड़ों संगठन एकजुट

छिंदवाड़ा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रमुख अधिकारी DRM दीपक गुप्ता का छिंदवाड़ा आगमन आज सामाजिक और धार्मिक संगठनों के भारी विरोध प्रदर्शन का गवाह बना। संगठनों ने एकजुट होकर दादा जी धूनी वाले मंदिर के ठीक सामने रेलवे द्वारा प्रस्तावित पानी टंकी और भवन निर्माण को तत्काल रोकने की मांग करते हुए उन्हें एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
​धार्मिक और सामाजिक महत्व:
​ज्ञापन में श्री दादा जी धूनी वाले समिति के अध्यक्ष विजय पांडे ने स्पष्ट किया कि रेलवे जिस भूमि पर निर्माण कर रहा है, वह मात्र खाली जमीन नहीं है, बल्कि जिले के सबसे बड़े धार्मिक और सामाजिक आयोजनों का केंद्र है। उन्होंने DRM को बताया कि रेलवे के पास अन्य खाली जमीन उपलब्ध है, जहां यह प्रोजेक्ट स्थानांतरित हो सकता है।
​मैदान पर होने वाले प्रमुख आयोजन:
​संगठनों ने इस मैदान के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि यहां वर्षभर कई विशाल आयोजन होते हैं, जिनमें शामिल हैं:
​महाशिवरात्रि: 2 लाख लोगों का जिले का सबसे बड़ा विशाल मेला।
​नर्मदा जयंती, गुरु पूर्णिमा व खाटू श्याम जागरण: 25 हज़ार से 40 हज़ार लोगों का सामूहिक भंडारा एवं दर्शन।
​राम नवमी: हिन्दू उत्सव समिति द्वारा 30 हज़ार लोगों की भव्य रैली।
​अन्य: विश्व आदिवासी दिवस (25 हज़ार), श्री राजपूत करणी सेना की 10 हज़ार लोगों की वाहन रैली, भुजलिया उत्सव, कृष्ण जन्म उत्सव पर मटकी फोड़।
​नेताओं ने जोर दिया कि यह स्थल मोक्षधाम जाने का प्रमुख मार्ग भी है, इसलिए सार्वजनिक भावनाओं को देखते हुए निर्माण कार्य रोका जाए और मैदान को खाली रखा जाए।
​उपस्थित प्रमुख व्यक्ति:
​DRM को ज्ञापन सौंपने वालों में जिले भर की धार्मिक व सामाजिक समितियों के प्रमुख शामिल थे, जिनमें प्रमुख रूप से विजय पांडे, पातालेश्वर धाम समिति अध्यक्ष रमेश पोफली, विश्व हिंदू परिषद अध्यक्ष अरविंद प्रातप सिंह, नर्मदा सेवा समिति अध्यक्ष शिव मालवी, हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष शंटी बेदी, संतोष राय, भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र प्रताप राणा, अंजनी पुत्र सेवा समिति हिमाचल ठाकुर, राजपूत करणी सेना जित्तू बैस, रेलवे हमाल यूनियन समिति चंचलेश यादव, पार्षद माइकल पहाड़े, राष्ट्रीय हिंदू सेना अध्यक्ष यमन साहू, शिखर पांडे, ब्रह्म समाज से छगन दवे, आशुतोष तिवारी, रोहित बंटी द्विवेदी और अन्य धर्म प्रेमी उपस्थित रहे।