7-8 सितंबर को खग्रास चंद्र ग्रहण: सूतक काल से सावधान, कुछ राशियों पर शुभ प्रभाव, तो कुछ को रहना होगा सतर्क
नई दिल्ली। 7 सितंबर की रात से 8 सितंबर की सुबह तक देशभर में खग्रास चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। यह ग्रहण लगभग 3 घंटे 28 मिनट तक चलेगा। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार यह चंद्र ग्रहण कुंभ राशि में लग रहा है, जिसका असर सभी 12 राशियों पर अलग-अलग पड़ेगा।
ग्रहण का सूतक काल दोपहर 12:57 बजे से शुरू हो चुका है और ग्रहण की अवधि के दौरान धार्मिक कार्य, भोजन पकाना और नए कामों की शुरुआत वर्जित मानी गई है।
राशियों के प्रभाव की बात करें तो, मेष, मिथुन, सिंह, धनु और मकर राशि के जातकों के लिए यह समय शुभ फल देने वाला रहेगा। इनके जीवन में आर्थिक लाभ, करियर में प्रगति और रुके हुए कार्यों की सफलता की संभावनाएं प्रबल हैं।
वहीं दूसरी ओर कर्क, कन्या, तुला और कुंभ राशि वालों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इन जातकों के लिए यह समय स्वास्थ्य, पारिवारिक संबंधों और आर्थिक मामलों में चुनौतियां ला सकता है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस दौरान मंत्र जाप, दान और स्नान जैसे धार्मिक कार्य ग्रहण दोष को कम करने में सहायक होते हैं।
धर्मग्रंथों में वर्णित है कि ग्रहण काल में ध्यान, जप और स्तुति विशेष फलदायी मानी जाती है। वहीं गर्भवती महिलाओं को इस समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।