5 जनवरी तक भस्म आरती की ऑनलाइन बुकिंग बंद, नए साल पर भी कड़े नियम।

उज्जैन | Epublicplatform न्यूज़

उज्जैन: विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल के मंदिर में नए साल के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन समिति ने बड़ा फैसला लिया है। यदि आप भी 25 दिसंबर से 5 जनवरी के बीच भस्म आरती में शामिल होने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है।

बुकिंग के नए नियम:

मंदिर समिति के अनुसार, 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक भस्म आरती की ऑनलाइन बुकिंग पूरी तरह बंद रहेगी। हालांकि, इस अवधि में श्रद्धालु ऑफलाइन (काउंटर से) बुकिंग करा सकेंगे। लेकिन ध्यान रहे, 1 जनवरी को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह की बुकिंग बंद रहेगी।

1 जनवरी को कैसे होंगे दर्शन?

नए साल के पहले दिन (1 जनवरी) केवल ‘चलित भस्म आरती’ की व्यवस्था होगी। इसका मतलब है कि श्रद्धालु चलते-फिरते बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन कर सकेंगे, बैठकर आरती देखने की अनुमति नहीं होगी।

दर्शन का मार्ग:

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सामान्य दर्शनार्थियों को चारधाम मंदिर पार्किंग से प्रवेश दिया जाएगा। यहाँ से श्रद्धालु शक्ति पथ, त्रिवेणी संग्रहालय, नंदी द्वार, महाकाल लोक और नवीन टनल के रास्ते गर्भगृह तक पहुँच सकेंगे।