छिंदवाड़ा:27जून को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा :हाइड्रोलिक रथ में निकलेगी यात्रा
छिंदवाड़ा। भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा 27 जून को निकाली जाएगी। इस्कॉन छिंदवाड़ा के शनिचरा बाजार स्थित परिसर में त्रिदंडी संन्यासी एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रचारक श्री श्रीमद् भक्ति प्रेम स्वामी महाराज के नेतृत्व में आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजन की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस वर्ष रथयात्रा की खास विशेषता उज्जैन से आ रहा विशेष हाइड्रोलिक रथ रहेगा। यात्रा इस्कॉन शनिचरा बाजार से प्रारंभ होकर गांधी गंज, रेलवे स्टेशन, तिलक मार्केट, यातायात थाना, मानसरोवर कॉम्प्लेक्स, बस स्टैंड, इन्दिरा तिराहा, फव्वारा चौक, कलेक्ट्रेट, सत्कार तिराहा होते हुए पूजा लॉन में संपन्न होगी।
रथयात्रा के दौरान भव्य हरिनाम संकीर्तन, भगवान श्री जगन्नाथ की महाआरती तथा 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। युवाओं द्वारा भक्त सालबेग पर आधारित नृत्य नाटिका का मंचन होगा। इस्कॉन द्वारा संचालित प्रह्लाद किड्स स्कूल के बच्चों द्वारा ‘जगन्नाथ अष्टकम’ और शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी।
यात्रा मार्ग पर मलखंभ प्रदर्शन, बच्चों की मृदंग प्रस्तुति और विशेष झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन में गुवाहाटी, भुवनेश्वर, मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, नोएडा, जयपुर तथा यूके से भी भक्तों के पहुंचने की संभावना है।
इस्कॉन छिंदवाड़ा के अध्यक्ष श्यामसुंदर दास, सह अध्यक्ष किशोर गोविंद दास एवं देव आराध्य प्रभु ने बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ के विग्रह इस्कॉन बालाघाट मंदिर से विशेष वाहन द्वारा लाए जाएंगे। विग्रह के लिए स्थानीय कारीगरों से विशेष रेशमी पोशाक तैयार कराई जा रही है।
इस वर्ष मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग के सहयोग से इस्कॉन उज्जैन के माध्यम से पूरे प्रदेश के 34 शहरों में रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
