24 बच्चों की मौत पर सियासी घमासान: कमलनाथ ने मुआवजा दिलाने हेतु CM को लिखा पत्र, विधायक बोले- ‘बड़े दोषियों को बचा रही सरकार’

छिंदवाड़ा। जिले में कोल्ड्रिफ कफ सिरप पीने से 24 मासूमों की मौत की त्रासदी पर अब राजनीतिक दबाव बढ़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जहां पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को पत्र लिखा है, वहीं स्थानीय कांग्रेस विधायक ने सरकार पर दोषियों को बचाने का सीधा आरोप लगाया है।
​कमलनाथ का CM को पत्र: आर्थिक सहायता पर फोकस
​कमलनाथ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल को पत्र लिखकर राज्य सरकार की उस पुरानी घोषणा का स्मरण कराया है, जिसमें उपचार का संपूर्ण खर्च वहन करने की बात कही गई थी। उन्होंने लिखा कि परिवारों को अभी तक उपचार राशि प्राप्त नहीं हुई है, और अस्पताल बकाया बिलों की मांग कर रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक व मानसिक पीड़ा बढ़ रही है। उन्होंने अनुरोध किया कि उपचार व्यय की राशि तुरंत प्रदान की जाए और बकाया बिलों का शीघ्र निराकरण हो।
​विधायक वाल्मीक के गंभीर आरोप
​इसी बीच, परासिया विधायक सोहनलाल वाल्मीक (कांग्रेस) ने सरकार की कार्यवाही पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डेढ़ माह बीतने के बाद भी सरकार छोटे लोगों पर कार्यवाही कर खानापूर्ति कर रही है और ‘बड़े मगरमच्छों’ को बचाया जा रहा है। उन्होंने हैरानी जताई कि SIT द्वारा आरोपी बनाए जाने के बावजूद, जिम्मेदार श्रीसन फार्मा कंपनी को आज तक ब्लैक लिस्टेड क्यों नहीं किया गया और जिम्मेदार ड्रग कंट्रोलर पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।