2 घंटे में पुलिस ने मासूम को खोज निकाला

छिंदवाड़ा। औद्योगिक क्षेत्र में रहने वाला 7 साल का मासूम रविवार दोपहर अचानक घर से लापता हो गया। बच्चे के गायब होते ही परिवार घबराहट में आ गया और हर जगह उसकी तलाश शुरू कर दी। जब काफी खोजबीन के बाद भी मासूम का पता नहीं चला तो परिजनों ने तुरंत धर्मटेकड़ी चौकी पुलिस को जानकारी दी।

चौकी प्रभारी ने बनाई टीम

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अविनाश पारधी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसआई जगदीश ठाकुर और प्रधान आरक्षक को मौके पर भेजा। पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की। औद्योगिक क्षेत्र से लेकर मुख्य सड़कों और गलियों तक बच्चा कहीं नज़र नहीं आया।

तिराहे के पास भटकता मिला मासूम

करीब दो घंटे की लगातार मशक्कत के बाद पुलिस को मासूम तिराहे के पास लावारिस हालत में घूमते हुए मिला। जब पुलिस ने बच्चे से नाम-पता पूछा तो वह घबराकर रोने लगा और बोला कि वह रास्ता भटक गया है और मंडी की तरफ निकल आया था। पुलिसकर्मियों ने उसे प्यार से शांत कराया और सुरक्षित चौकी लाए।

परिवार ने जताया आभार

इसके बाद पुलिस ने मासूम को परिजनों के सुपुर्द किया। अचानक खोए हुए बच्चे को इतने कम समय में सुरक्षित घर पहुंचाने पर परिवार की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। परिजनों ने धर्मटेकड़ी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता की खुलकर सराहना की।