15 दिसंबर से होगा ‘रॉयल कप 2025’ टी-20 चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ, सनातन परंपरा का होगा शंखनाद
छिंदवाड़ा। जिले के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को एक उच्चस्तरीय और प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करने के उद्देश्य से, प्रतिष्ठित सेवा संस्कार समिति रॉयल क्लब द्वारा ‘रॉयल कप 2025 लेदर बॉल टी-20 चैंपियनशिप’ का भव्य आयोजन 15 दिसंबर 2025 (सोमवार) को दोपहर 11:30 बजे से किया जा रहा है।
32 टीमें, ₹71,000 का पुरस्कार:
टूर्नामेंट की प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजन समिति ने जानकारी दी कि इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में छिंदवाड़ा-पांढुर्ना संसदीय क्षेत्र की कुल 32 टीमें नॉकआउट प्रारूप में लेदर बॉल टी-20 क्रिकेट का महामुकाबला खेलेंगी। टूर्नामेंट की इनामी राशि काफी आकर्षक रखी गई है। विजेता टीम को ₹71,000 रुपये और तीन फीट की वर्ल्ड कप एडिशन आकर्षक ट्रॉफी मिलेगी, जबकि उपविजेता को ₹51,000 रुपये और 2.5 फीट की ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और अन्य उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे।
शंखनाद और राष्ट्रगान से आगाज:
रॉयल क्लब के अध्यक्ष गुरजीत शंटी बेदी ने बताया कि टूर्नामेंट का शुभारंभ समारोह सनातन संस्कृति और खेल भावना के अद्भुत समन्वय का साक्षी बनेगा। उद्घाटन अवसर पर सनातन के ध्वजवाहक पुजारी संघ के 50 ब्राह्मण गुरुओं द्वारा एक साथ शंखनाद किया जाएगा, जिसके बाद परम्परा अनुसार राष्ट्रगान के साथ उद्घाटन मैच आरंभ होगा। इस अवसर पर अध्यक्ष गुरजीत शंटी बेदी और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
उद्देश्य:
आयोजन समिति के अध्यक्ष अभिषेक वर्मा ने टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य स्पष्ट करते हुए कहा कि इसका लक्ष्य जिले के युवा क्रिकेटरों को प्रेरित करना, उन्हें अच्छी तैयारी के लिए खेल का माहौल प्रदान करना और राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए तैयार करना है, ताकि क्षेत्र में स्वस्थ खेल प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिल सके।
(आयोजन समिति: टूर्नामेंट अध्यक्ष- अभिषेक वर्मा, उपाध्यक्ष- योगेश शर्मा, सचिव- पल्पी सिंह, कोषाध्यक्ष- उज्ज्वल सूर्यवंशी और अन्य सदस्य इसमें सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।)
