होटल हाईवे सेंटर पाइंट पर प्रशासन का कड़ा प्रहार: शाकाहारी सब्जी में मांस मिलने पर होटल को किया गया सील
पांढुर्णा (म.प्र.): नागपुर-भोपाल हाईवे पर मोरडोंगरी स्थित होटल हाईवे सेंटर पाइंट में प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। शाकाहारी भोजन में मांस का टुकड़ा मिलने से यात्रियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने होटल का रजिस्ट्रेशन निलंबित कर उसे आगामी आदेश तक सील कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात नागपुर से भोपाल जा रहे तीन यात्रियों—चंद्रप्रकाश शर्मा, संदीप सेन और विजेंद्र सिंह—ने इस होटल में शाकाहारी भोजन का ऑर्डर दिया था। भोजन के दौरान सब्जी में मांस का टुकड़ा मिलने पर यात्रियों ने कड़ी आपत्ति जताई। होटल प्रबंधन की इस घोर लापरवाही और धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचने के कारण यात्रियों ने कोतवाली थाना पांढुर्णा में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
खाद्य विभाग की छापामार कार्रवाई
थाना प्रभारी अमित दानी की सूचना पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी रूपराम सनोडिया ने आज, 06 अप्रैल 2026 को होटल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान यात्रियों की शिकायत सही पाई गई। मौके पर होटल मालिक पवन तिड़के की उपस्थिति में पनीर, प्याज-टमाटर पेस्ट, हरी चटनी, गेहूं, तुअर दाल और चावल के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
लाइसेंस सस्पेंड और होटल सील
रजिस्ट्रेशन अथॉरिटी छिंदवाड़ा को वस्तुस्थिति से अवगत कराने के बाद होटल का रजिस्ट्रेशन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रूपराम सनोडिया ने बताया कि होटल में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को अलग-अलग रखने में घोर लापरवाही पाई गई। जन-स्वास्थ्य और धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने के चलते होटल को पूरी तरह बंद कर सील कर दिया गया है।
सुधार के बाद ही मिलेगी अनुमति
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत होटल संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी किया जाएगा। नियमों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और विभाग के पुनः निरीक्षण में संतुष्टि पाए जाने के बाद ही लाइसेंस बहाली पर विचार होगा। तब तक होटल से किसी भी प्रकार का व्यापार प्रतिबंधित रहेगा।
