हिमाचल में बर्फीला तूफान, अटल टनल समेत कई सड़कें बंद

हिमाचल में बर्फीला तूफान, अटल टनल समेत कई सड़कें बंद

इस समय में बर्फबारी, ओलावृष्टि और बारिश से पूरा देश ठिठुर गया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में साल की सबसे भारी बर्फबारी हुई है

देश में ठंड का मिजाज तेजी के साथ बदल गया है। उत्तर भारत पूरी तरह से ठिठुर रहा है। पहाड़ी राज्यों में जमकर हिमपात हो रहा है। मैदानी इलाके में बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है। बर्फबारी, ओलावृष्टि और बारिश से पूरा देश ठिठुर गया है।

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों पर साल का सबसे भारी हिमपात हुआ। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में 8 इंच, वहीं, पहलगाम में 18 इंच बर्फ गिरी।

श्रीनगर-जम्मू हाईवे भी बंद हो गया है। यहां करीब 1200 से ज्यादा गाड़ियां फंसी हुई हैं। खराब मौसम के कारण रविवार को लगातार दूसरे दिन श्रीनगर एयरपोर्ट बंद है। रेलवे यातायात भी बाधित हुआ है।

उधर, हिमाचल प्रदेश में शनिवार रात बर्फीला तूफान चला। 24 घंटे में रोहतांग के नॉर्थ और साउथ पोल पर 3 फीट से ज्यादा बर्फ जम चुकी है। अटल टनल पर आवाजाही बंद कर दी गई है।

उत्तराखंड के पहाड़ों में लगातार बर्फबारी और बारिश के कारण बद्रीनाथ नेशनल हाइवे भी बंद कर दिया गया है।

दूसरी ओर, राजस्थान-मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश हुई। मध्य प्रदेश के भी कई जिलों में तेज बारिश और ओले गिरे। भोपाल में शनिवार को हुई 17mm बारिश ने नया रिकॉर्ड बनाया। यह 5 साल बाद दिसंबर में एक दिन में हुई सबसे ज्यादा बारिश है।