स्वच्छ जल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु महापौर ने ली बैठक: गंदा पानी आने पर होगी कार्रवाई, अवैध कनेक्शन कटेंगे
छिंदवाड़ा। नगर निगम सभागार में शहर की जल प्रदाय व्यवस्था को दुरुस्त करने और नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर विक्रम अहके की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल प्रदाय विभाग के सभापति, इंजीनियरों सहित मैदानी अमले के कर्मचारी उपस्थित रहे।
समय पर हो वितरण, टंकियों की हो नियमित सफाई
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर विक्रम अहके ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के किसी भी वार्ड में गंदे पानी की आपूर्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “पानी की टंकियों की सफाई निर्धारित समय अंतराल पर अनिवार्य रूप से की जाए। वितरण का समय निश्चित हो ताकि नागरिकों को परेशानी न हो।” महापौर ने तकनीकी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी पाइपलाइन में लीकेज की सूचना मिलती है, वहां तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किया जाए ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके।
अवैध कनेक्शनों पर चलेगा डंडा
शहर में जल संकट और कम दबाव (Low Pressure) की समस्या से निपटने के लिए महापौर ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के सभी क्षेत्रों में सर्वे कर अवैध जल कनेक्शनों की सूची तैयार की जाए। ऐसे कनेक्शनों को विच्छेदित करने के साथ-साथ संबंधितों पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
मैदानी कर्मचारियों की सुनी समस्याएं
समीक्षा के दौरान महापौर ने केवल निर्देश ही नहीं दिए, बल्कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले वालमैन, प्लंबर और सर्वेयरों से सीधा संवाद भी किया। उन्होंने कर्मचारियों की कार्यक्षेत्र में आने वाली समस्याओं और संसाधनों की कमी के बारे में जानकारी ली और उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति:
इस अवसर पर जल प्रदाय एवं सीवरेज कार्य सभापति अरुणा मनोज कुशवाहा, सहायक यंत्री विवेक चौहान, भानु सूर्यवंशी सहित निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
