स्कूल जाते 10 साल के मासूम की ‘साइलेंट डेथ’: छिंदवाड़ा में दुखद हादसा
छिंदवाड़ा के भैंसादंड देहात इलाके में एक बेहद दुखद घटना सामने आई, जहां स्कूल जा रहे 10 साल के मासूम आशीष अहके की अचानक मौत हो गई। आशीष अहके सोमवार सुबह अपनी स्कूली ऑटो से स्कूल के लिए निकला था। ऑटो से अन्य बच्चों को बटोरकर ले जाते समय, वह अचानक गश खाकर नीचे गिर गया। ऑटो चालक ने तुरंत परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन बच्चे को लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों ने जाँच के बाद आशीष को मृत घोषित कर दिया। इस अचानक हुई मौत को पुलिस और परिजन ‘साइलेंट डेथ’ या साइलेंट अटैक का मामला मान रहे हैं।
देहात थाने में पदस्थ एएसआई संदीप सिंह राजपूत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चे की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी, लेकिन प्रथम दृष्टया इसे साइलेंट अटैक का मामला माना जा रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा लिया है और प्रकरण में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। भैंसादंड देहात निवासी इस बच्चे की असमय और रहस्यमय मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
